1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. मंदिरों के बाहर भीख मांग रहा था 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर, डेनिस बावरियां हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार-VIDEO

मंदिरों के बाहर भीख मांग रहा था 50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर, डेनिस बावरियां हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार-VIDEO

 Published : Dec 21, 2025 02:51 pm IST,  Updated : Dec 21, 2025 02:58 pm IST

50 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर जयपुर, ऋषिकेश सहित कई बड़े शहरों के धार्मिक स्थलों के बाहर भीख मांग रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना आधा सिर भी मुंडवा रखा था।

हिस्ट्रीशीटर आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार- India TV Hindi
हिस्ट्रीशीटर आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

राजस्थान की झुंझुनूं पुलिस को एक बड़ी और सनसनीखेज सफलता हाथ लगी है। हिस्ट्रीशीटर डेनिस बावरिया हत्याकांड के मुख्य आरोपी एवं 50 हजार रुपये के फरार इनामी बदमाश दीपक मालसरिया को पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। 

आधा सिर भी मुंडवा रखा था

आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंकते हुए फरार चल रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने अपना आधा सिर मुंडवा रखा था। वह फटे-पुराने कपड़ों में मंदिरों के बाहर भीख मांगकर अपना गुजारा कर रहा था।

धार्मिक स्थलों के बाहर मांगता था भीख

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दीपक मालसरिया दिल्ली, जयपुर, ऋषिकेश सहित कई बड़े शहरों और धार्मिक स्थलों पर घूमता रहा। लगातार पुलिस का पीछा करता देख आरोपी भिखारी जैसा हुलिया बनाकर मंदिरों के बाहर चिल्लर और रोटी मांगता था, ताकि कोई उसे पहचान न सके। 

पुलिस ने ट्रेस की लोकेशन

इसी दौरान झुंझुनूं पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और मुखबिर तंत्र के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और जयपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

अक्टूबर में हुई थी हत्या

बता दें कि 20 अक्टूबर 2025 को हिस्ट्रीशीटर डेनिस बावरिया का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से जानलेवा मारपीट की गई थी। गंभीर हालत में डेनिस को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद से ही मुख्य आरोपी दीपक मालसरिया फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। 

पुलिस ने शुरू की आरोपी से पूछताछ

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से इस चर्चित हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में बड़ी सफलता मिली है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें कई अहम खुलासों की उम्मीद है। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

झुंझुनूं से अमित शर्मा की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।