जोधपुर में शुक्रवार देर रात सरदारपुरा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज गैंगवार में नया मोड़ आ गया है। फायरिंग और धारदार हथियारों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए विक्की फाइटर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मामला हत्या में परिवर्तित हो गया है और पुलिस आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार सरदारपुरा के 12वीं रोड चौराहे से बॉम्बे मोटर चौराहे के बीच करीब एक दर्जन बदमाशों ने सन्नी हंस और विक्की फाइटर पर जानलेवा हमला किया था। दोनों अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी को रिपेयर करवाने के लिए गैराज पर पहुंचे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल और स्कूटरों पर सवार होकर आए 10 से 12 हमलावरों ने धारदार हथियारों और रिवाल्वर से हमला बोल दिया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे हमलावर
घटना के सीसीटीवी फुटेज में हमलावरों को युवकों का पीछा करते और उन पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। हमले के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें विक्की फाइटर को दो गोलियां लगीं, जबकि सन्नी हंस को एक गोली लगी। दोनों को गंभीर अवस्था में मथुरादास माथुर अस्पताल (एमडीएम) पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान विक्की फाइटर ने दम तोड़ दिया। सन्नी हंस का उपचार जारी है।
दो गैंग के बीच पुरानी रंजिश के चलते हमला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर शरत कविराज, डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत और एडीसीपी नरेंद्र सिंह देवड़ा मौके पर पहुंचे तथा अस्पताल में घायलों और परिजनों से जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और गैंगों के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस ने कई आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद कर लिया है। गिरफ्तारी के लिए गठित तीन विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। विक्की फाइटर की मौत के बाद पुलिस अब हत्या की धाराओं में भी कार्रवाई कर रही है।
भाजपा युवा मोर्चा से जुड़ा रहा है पीड़ित
शहर के व्यस्त और संवेदनशील इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर जोधपुर में सक्रिय गैंगों और बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को लेकर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक विक्की फाइटर और घायल सनी हर्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े हुए कार्यकर्ता रहे हैं। विक्की फाइटर पर वाल्मीकि समाज के ही एक अन्य परिवार के साथ वर्षों पुरानी रंजीत के चलते यह हमला किया गया ऐसी जानकारी सामने आ रही है।
(जोधपुर से चंद्रशेखर व्यास की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
डूबता झुंझुनूं! प्री-मॉनसून ने खोली प्रशासन की पोल, बाइक समेत गड्ढे में समा गया युवक; VIDEO
19 साल का लड़का बेच रहा था री-नीट का पेपर, पुलिस ने पकड़ा, जांच की तो सब फर्जी निकला