राजस्थान के जोधपुर में एक और युवक पत्नी से परेशान होकर मौत को गले लगाने का फैसला कर चुका है। पीड़ित का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद से पीड़ित युवक का फोन बंद आ रहा है। युवक भी लापता है। वहीं, युवक के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और युवक की तलाश शुरू कर दी है।
घटना मिल्कमैन कॉलोनी की है। यहां रहने वाले प्रद्युमन गौड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने की बात कही है। वीडियो में प्रद्युमन आरोप लगाते हुए कह रहा है कि उसकी पत्नी न केवल उससे मारपीट करती है बल्कि उसकी मां को गाली-गलौज भी करती है। साथ ही, उसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देती है। वह कहती है कि पुलिसवाले भी उसी की बात सुनेंगे। इधर ससुराल वाले भी फोन करके धमकाते हैं कि उनकी बेटी को कुछ नहीं होना चाहिए।
युवक की मां ने की शिकायत
वीडियो सामने आने के बाद युवक की मां ने शास्त्री नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि प्रद्युमन का मोबाइल कल से बंद आ रहा है, जिससे उसकी स्थिति को लेकर परिजनों में गहरी चिंता बनी हुई है। यह घटना उन मामलों पर भी सवाल खड़े करती है जिनमें महिला उत्पीड़न संबंधी कानूनों का दुरुपयोग सामने आता है। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों से अब पुरुष भी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।
पीड़ित का दर्द आया सामने
वायरल वीडियो में पीड़ित को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि उसके सास-ससुर बेटी को कुछ नहीं करने की धमकी देते हैं, लेकिन उनकी बेटी ही सबको मारती है। अपने बच्चों को भी गला पकड़कर मारती है। सास को गाली देती है और पति को भी मारती है। पीड़ित कहता है कि उससे यह सब नहीं देखा जा रहा है और वह कुछ कर भी नहीं सकता है। ऐसे में उसके पास मौत को गले लगाने के अलावा कोई चारा नहीं है।
(जोधपुर से चंद्रशेखर व्यास की रिपोर्ट)