1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. झगड़े के दौरान आपे से बाहर हुआ शख्स, बीच सड़क पर युवक और युवती को कार से कुचला

झगड़े के दौरान आपे से बाहर हुआ शख्स, बीच सड़क पर युवक और युवती को कार से कुचला

 Reported By: Manish Bhattacharya, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 26, 2023 05:12 pm IST,  Updated : Dec 26, 2023 06:15 pm IST

मंगेश अरोड़ा नाम का आरोपी कथित तौर पर पार्टी कर अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल से बाहर निकला था और सड़क पर उनका एक युवक और एक युवती से झगड़ा हो गया।

Man Crushed Couple, Jaipur Couple Crushed, Man Crushed Two With Car- India TV Hindi
अस्पताल में इलाज के दौरान घायल युवती की मौत हो गई। Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

जयपुर: राजस्थान के जयपुर में झगड़े के बाद एक शख्स ने 2 लोगों को कार से कुचल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने झगड़े के दौरान एक युवक और एक युवती को कुचल दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान लड़की की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह घटना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे जवाहर सर्किल थाना इलाके में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद से मंगेश अरोड़ा नाम का आरोपी फरार है।

सड़क पर ही चारों के बीच हुआ झगड़ा

घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसएचओ दलबीर सिंह ने बताया कि गिरधर मार्ग पर स्थित एवरलैंड विश होटल से शहर के मानसरोवर इलाके के रहने वाले मंगेश अरोड़ा, झुंझुनूं निवासी राजकुमार जाट, मध्य प्रदेश की निवासी उमा सुथार और एक अन्य युवती सुबह करीब 5 बजे पार्टी कर बाहर निकली थीं। उन्होंने बताया कि इसी दौरान किसी बात को लेकर चारों के बीच सड़क पर झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान मंगेश अरोड़ा नाम के शख्स ने अपनी महिला मित्र से झगड़ा कर रहे युवक राजकुमार जाट और युवती उमा सुधार को कार से कुचल दिया।

महंगी गाड़ियों का शौकीन है आरोपी मंगेश

SHO दलबीर सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मंगेश मौके से फरार हो गया। घायल राजकुमार और उमा को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। मंगेश अरोड़ा के बारे में जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक वह मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है और महंगी गाड़ियों का शौकीन है। मंगेश का मानसरोवर में कपड़ों का एक बड़ा शोरूम है। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है लेकिन CCTV के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।