बारां: जिले के शाहाबाद क्षेत्र से एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां समाज की पुरानी रूढ़िवादी सोच को बदलते हुए मध्य प्रदेश के एक युवक ने राजस्थान की एक किन्नर ने विवाह किया। युवक ने किन्नर के साथ शादी के पावन बंधन में बंधकर एक अनूठी मिसाल कायम की है। यह अनोखी शादी इन दिनों पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
एक साल से साथ थे सागर-रेशमा
दरअसल, बारां जिले के शाहाबाद उपखंड के देवरी निवासी किन्नर सोनू उर्फ रेशमा और मध्य प्रदेश के गुना जिले के कोलीपुरा निवासी सागर राजपूत पिछले एक साल से साथ रह रहे थे। इस दौरान दोनों एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी बने और दोनों में प्यार हो गया। जब सागर ने रेशमा के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, तो शुरुआत में रेशमा सामाजिक बंधनों और लोगों की सोच को लेकर थोड़ा झिझकी, लेकिन आखिरकार दोनों ने समाज की परवाह किए बिना जीवनभर साथ निभाने का फैसला किया।
हिंदू रीति-रिवाज के साथ किया विवाह
दोनों ने आपसी सहमति से शाहाबाद कस्बे के एक मंदिर प्रांगण में हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह किया। पंडित लखन लाल शर्मा ने वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी करवाईं। सागर और रेशमा ने अग्नि के सामने सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूसरे को पति-पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इस अनोखे और भावुक पल के गवाह किन्नर रेशमा के परिजन और उनके कुछ खास मित्र बने, जिन्होंने नवदम्पति को आशीर्वाद दिया।
समाज को दिया संदेश
शादी के बाद किन्नर रेशमा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सागर ने उनसे शादी करके समाज को एक बहुत बड़ा और सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने साबित किया है कि पुरानी और रूढ़िवादी सोच से ऊपर उठकर किन्नरों को भी समाज में बराबरी का हक और एक गरिमापूर्ण जीवन दिया जा सकता है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो लोगों के बीच चर्चा में बना हुआ है।
शादी में किन्नर निकला दूल्हा
हाल ही में यूपी के बाराबंकी जिले से भी एक ऐसा ही मामला देखने को मिला था। हाालंकि यहां जो हुआ, उसने सभी के होश उड़ा दिए। बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र में रामसनेहीघाट से बारात आई थी। समारोह में शादी की सभी रस्में पूरी की गई। हालांकि, विदाई से पहले किन्नर वहां पर नेग लेने के लिए पहुंच गए जिसके बाद हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ। पता लगा कि दूल्हा किन्नर है। दरअसल, नेग लेने शादी में आए किन्नरों ने नेग लेते समय दूल्हे को पहचान लिया जिसके बाद ये हैरान कर देने वाली जानकारी सामने आई। (इनपुट- रामप्रसाद मेहता)
यह भी पढ़ें-
तीन बच्चों की हत्या के बाद महिला ने किया सुसाइड, मानसा में 4 शव मिलने से मचा हड़कंप