अलवर: अलवर जिले के थाना गजी क्षेत्र में हुए दलित महिला के साथ गैंगरेप की घटना पर गहलोत सरकार अब चौतरफा घिरती नजर आ रही है। एक तरफ बीजेपी ने गहलोत सरकार के खिलाफ मोर्चा संभाल रखा है वहीं प्रदेश के जाट नेता के तौर पर पहचान रखने वाले नागौर से सांसद प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल ने गहलोत सरकार के खिलाफ हुंकार भरी है और यह साफ कर दिया है कि अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा नहीं गया तो एक नया आंदोलन राजस्थान में शुरू हो जाएगा।
Related Stories
हनुमान बेनीवाल ने गहलोत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि ‘पुलिस प्रशासन और सरकार की नाकामी के चलते यह घटना हुई है। जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।’ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल ने कहा कि एक तरफ अशोक गहलोत सुशासन की बात करते है जबकि दुसरी तरफ ऐसी घटना झकझोर देने वाली हैं।
बेनीवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े नेताओं और सीएमओ के इशारे पर डीजीपी ने मामले को दबाया था। बेनीवाल ने कहा कि त्वरित प्रभाव से डीजीपी को हटाया जाना चाहिए ताकि एक संदेश जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने ये भी कहा कि मामले में कौन दोषी है और किसके इशारे पर मामले को दबाने का प्रयास हुआ, इसके लिए सीबीआई जांच होनी चाहिए।