पाली नगर निगम चुनाव के नतीजों का इंतजार अब खत्म हो गया है। 65 वार्डों वाली पाली नगर निगम में वोटों की गिनती खत्म हो गई हैं। मतगणना के हर राउंड पर बीजेपी और कांग्रेस की नजर थी। दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा था, लेकिन कांग्रेस ने बढ़त बनाई और सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई है। कांग्रेस ने 29 वार्ड पर जीत दर्ज की, वहीं बीजेपी के हाथ सिर्फ 21 सीट आईं हैं। सारा समीकरण बदलने की ताकत निर्दलीय उम्मीदवारों के हाथ में हैं। इस चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंकी थी।
वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों की मौजूदगी ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। खासतौर पर बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद चुनाव मैदान में उतरे कुछ बागी उम्मीदवारों पर भी सबकी नजरें थीं। अब ये देखने वाली बात होगी इनमें से चुनाव जीतने वाले किस खेमे में जाते हैं। अगर निर्दलीय प्रत्याशी बड़ी संख्या में बीजेपी के साथ जाते हैं तो कांग्रेस जीतकर भी हार जाएगी।
महिला महापौर का इंतजार, 6 नामों पर टिकी नजर
पाली नगर निगम को इस बार महिला महापौर मिलने वाली है। यही वजह है कि चुनाव परिणाम के साथ महापौर पद को लेकर भी उत्सुकता बनी हुई है। बीजेपी खेमे से वार्ड 33 की नमिता बुबकिया, वार्ड 23 की खुशबू लोढ़ा और वार्ड 1 की शारदा बोहरा के नाम चर्चा में हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से वार्ड 38 की राजबाला हिंगड, वार्ड 34 की सुमित्रा जैन और वार्ड 11 की लीला चौधरी को संभावित दावेदार माना जा रहा है।