राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां खूंटगढ़ गांव के जंगल में एक दिव्यांग युवती का शव पेड़ से लटका मिला था। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने बताया कि उसने युवती को कैसे मार डाला। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कूबुल करते हुए बताया कि वो युवती को बहला फुसलाकर जंगल में ले गया था, जहां उसने युवती से शादी के लिए कहा, लेकिन वो इसके लिए तैयार नहीं हुई तो आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने बताय कि फिर उसने युवती की हत्या को आत्महत्या बताने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया।
Related Stories
मृतका के मामा ने दी थी तहरीर
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि आरोपी युवक कुलदीप गहलोत को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मृतका के मामा भंवरलाल गुर्जर ने धमोतर थाने में तहरीर दी थी कि उसकी मानसिक रूप से कमजोर और दिव्यांग भांजी घर पर किसी को बिना बताए कहीं चली गई है। इसी दौरान शनिवार को थाना देवगढ़ सर्कल के खूंटगड गांव के जंगल में एक युवती का शव पेड़ से लटका मिला, जिसकी पहचान भंवरलाल ने अपनी भांजी के रूप में की।
बहलाकर युवती को जंगल में ले गया
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विशेष पुलिस दल ने साइबर सेल की मदद से आरोपी कुलदीप गहलोत को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह युवती को बहला फुसलाकर खूंटगढ़ के जंगल में ले गया। जहां उसने युवती पर शादी का दबाव बनाया। मना करने पर दोनों का झगड़ा हो गया। अधिकारी ने बताया कि युवती ने उसे धमकी दी थी कि वह अपने मामा को कहकर उसका गांव छुड़ा देगी। इस पर गुस्से में आकर आरोपी ने गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। फिर आरोपी ने युवती के ही दुपट्टे से बांधकर शव को पेड़ पर लटका दिया।