1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में गहलोत सरकार पर बरसे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कहा- राज्य में हर रोज 17 रेप की घटनाएं

राजस्थान में गहलोत सरकार पर बरसे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, कहा- राज्य में हर रोज 17 रेप की घटनाएं

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Oct 18, 2023 05:32 pm IST,  Updated : Oct 18, 2023 11:41 pm IST

राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे। इस चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं में दम भरने भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के बड़े नेता लगातार राजस्थान का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कोटा पहुंचे।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा। - India TV Hindi
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा। Image Source : PTI

राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय बाकी रह गया है। ऐसे समय में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही एक दूसरे पर निशाना साधने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य के कोटा शहर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां जेपी नड्डा ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार और सीएम अशोक गहलोत पर जमकर निशाना साधा और उनपर राज्य के लोगों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। 

लोग बदलाव चाहते हैं

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कोटा में कहा कि राजस्थान के लोगों ने मन बना लिया है, वह अब बदलाव चाहते हैं। जेपी नड्डा ने कहा कि राज्य के लोगों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली भ्रष्ट कांग्रेस सरकार से छुटकारा पाने और भाजपा को सत्ता में लाने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार के कारण राज्य की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

हर रोज 17 रेप केस
राजस्थान में दुष्कर्म के मामलों पर भी जेपी नड्डा ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध, किसानों और युवाओं के साथ विश्वासघात बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में हर दिन महिलाओं के खिलाफ 17 रेप के मामले सामने आए हैं। वहीं, 15 हजार से ज्यादा नाबालिगों के रेप के मामले सामने आए हैं। नड्डा ने कहा कि क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन है।

चुनाव व परिणाम की तारीख
चुनाव आयोग ने राजस्थान समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तारीख का ऐलान कर दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, राजस्थान में सभी विधानसभा सीटों के लिए एक ही चरण में 25 नवंबर को वोटिंग होगी। चुनाव के परिणाम को अन्य 4 राज्यों (मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम) के साथ 3 दिसंबर को घोषित कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- कर्नाटक: डिप्टी CM डीके शिवकुमार का बड़ा दावा- हमारी सरकार को अस्थिर करने की कोशिश में BJP की टीम, दिए जा रहे तमाम ऑफर्स

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में बच नहीं पाएंगे अवैध रूप से रह रहे विदेशी, पहचान के लिए सरकार ने बनाया पैनल

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।