राजस्थान में गर्मी का प्रकोप और पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है। सोमवार से लू चलने का नया दौर शुरू होगा। प्रदेश के कुछ हिस्सों में 15-16 अप्रैल को लू चलने की प्रबल संभावना है। बिजली संकट ने भी लोगों का जीना मुश्किल कर रखा है। इन सबके बीच करौली के जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने जरूर काम के बहाने होम टाउन जाने की छुट्टी ली थी। लेकिन वे होम टाउन ना जाकर कश्मीर की वादियों में ठंड का आनंद लेने निकल गए। जब ये बात मुख्य सचिव को पता चली तो उन्होंने कलेक्टर को जमकर फटकार लगा दी।
गर्म कपड़ों ने खोली पोल
दरअसल, राजस्थान के मुख्य सचिव (चीफ सेक्रेटरी) सुधांशु पंत ने करौली और सवाई माधोपुर के कलेक्टरों की बैठक बुलाई थी। इस मीटिंग में नीलाभ सक्सेना भी जुड़े। इस दौरान सक्सेना गर्मी के मौसम में गर्म कपड़े पहने हुए थे और उनके हावभाव से कुछ असामान्य लग रहा था। जब उनकी लोकेशन पूछी गई, तो उन्होंने जम्मू-कश्मीर बताया। यह जवाब सुनते ही मुख्य सचिव भड़क गए।
चीफ सेक्रेटरी ने सबके सामने लगा दी क्लास
पंत ने नाराजगी जताते हुए कहा, "आपने जरूरी काम से होम टाउन जाने के लिए अवकाश लिया था। यदि आपने कश्मीर ट्रिप की जानकारी पहले दी होती तो छुट्टी रद्द की जा सकती थी। जिले में गर्मी और बिजली-पानी की समस्या के बीच यह गैर-जिम्मेदाराना है।"
साथ ही उन्होंने कहा, "आपके जिले में लोग गर्मी, बिजली-पानी की किल्लत से परेशान हैं, तब आप ठंडी वादियों में छुट्टी पर चले गए हैं? गर्मी और बिजली-पानी की समस्या के बीच यह गैर-जिम्मेदाराना रवैया आपकी प्रशासनिक संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है।" मुख्य सचिव की फटकार का कलेक्टर के पास कोई जवाब नहीं था। अब इसके बाद माना जा रहा है कि सीएस स्तर पर सक्सेना के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें-
खाटूश्याम जी मंदिर में उमड़ी लाखों की भीड़, लाइन में खड़े-खड़े बेहोश होकर गिरे श्रद्धालु-VIDEO