1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान: बालोतरा में रोडवेज बस से टक्कर में उड़े कार के परखच्चे, 4 सगे भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम

राजस्थान: बालोतरा में रोडवेज बस से टक्कर में उड़े कार के परखच्चे, 4 सगे भाइयों की मौत, परिवार में पसरा मातम

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 16, 2026 05:27 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 06:53 pm IST

बालोतरा में रोडवेज बस और कार की टक्कर में कार सवार 4 सगे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना से मृतकों के परिजनों के बीच मातम पसर गया है। घटना ने परिवार को झकझोरकर रख दिया है।

Balotra- India TV Hindi
4 सगे भाइयों की मौत Image Source : REPORTER INPUT

बालोतरा: राजस्थान के बालोतरा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पाटोदी कस्बे के पास उस समय हुआ जब एक रोडवेज बस और कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस घटना में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही घर के 4 आदमियों की इस तरह से दर्दनाक मौत से इलाके में भी हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों ने बस ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृतकों की पहचान हुई

चारों मृतक की पहचान कोडूका गांव  निवासी उदाराम (39 वर्ष), रेखाराम (35 वर्ष), जोगाराम (31 वर्ष) और विशनाराम (29 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों भाई मकान निर्माण का कार्य करते थे और रोजाना अलग-अलग जगह काम पर जाते थे। मंगलवार को वे एक ही स्थान पर काम होने के कारण कार से कालेवा गांव जा रहे थे। इसी दौरान पाटोदी गांव के पास सामने से आ रही जोधपुर की ओर जा रही रोडवेज बस से उनकी कार की टक्कर हो गई।

कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर हॉस्पिटल पहुंचाया गया

हादसे की सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का मौका मुआयना कर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पाटोदी रोड पर जाम लगाकर रोडवेज बस चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी।

बताया जा रहा है कि मृतकों के परिवार में वृद्ध माता-पिता, तीन भाइयों की पत्नियां और छोटे-छोटे बच्चे हैं। जोगाराम अविवाहित थे। एक ही परिवार के चार बेटों की मौत से कोडूका गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है। (रिपोर्ट- कृष्णा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।