1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में परिवार को बंधक बनाकर हुई सनसनीखेज डकैती का खुलासा, यूपी की अंतर्राज्यीय गैंग के 6 बदमाश गिरफ्तार

राजस्थान में परिवार को बंधक बनाकर हुई सनसनीखेज डकैती का खुलासा, यूपी की अंतर्राज्यीय गैंग के 6 बदमाश गिरफ्तार

 Published : Jul 03, 2026 01:59 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 01:59 pm IST

राजस्थान के झुंझुनूं जिले में हथियारों की नोक पर परिवार को बंधक बनाकर हुई सनसनीखेज डकैती का खुलासा हो गया है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश की अंतर्राज्यीय गैंग के 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

Rajasthan Jhunjhunu dacoity- India TV Hindi
झुंझुनूं में डकैती के आरोपी गिरफ्तार। Image Source : REPORTER

राजस्थान के झुंझुनूं शहर के पीपली चौक क्षेत्र में 21 जून की रात हथियारों के बल पर घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर की गई सनसनीखेज डकैती का कोतवाली थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश की अंतर्राज्यीय डकैत गैंग के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और वारदात में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस अब लूटे गए माल की बरामदगी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

5 विशेष टीमों का गठन हुआ था

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में इस हाई-प्रोफाइल मामले के खुलासे के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया। एसपी सागर ने बताया कि टीमों ने दिन-रात लगातार मेहनत करते हुए राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में दबिश दी। हिसार, चूरू, सीकर, हनुमानगढ़, जयपुर, नोएडा, बागपत, मुजफ्फरनगर और मेरठ सहित कई स्थानों पर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा डेटा और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

परिवार को बंधक बनाकर की थी वारदात

21 जून की देर रात मलसीसर रोड स्थित गाय वाली मूर्ति की गली में एक मकान में 4-5 हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घुस गए थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को हथियारों की नोक पर बंधक बनाकर महिलाओं के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और सीसीटीवी डीवीआर लूट लिया था। वारदात के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया था।

स्कॉर्पियो के सुराग से पहुंची पुलिस गैंग तक

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच में वारदात में इस्तेमाल दो संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहनों की पहचान हुई। पुलिस ने इन वाहनों का रूट झुंझुनूं से राजगढ़, भादरा, हिसार, सोनीपत होते हुए उत्तर प्रदेश के बागपत और मेरठ तक ट्रेस किया। इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश में लगातार दबिश देकर पहले राशिद, सतार और सरफराज उर्फ भुटन को घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो सहित पकड़ लिया। पूछताछ में इन आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम बताए। इसके बाद दूसरी पुलिस टीम ने दिल्ली-अलवर एक्सप्रेस-वे पर सुनियोजित नाकाबंदी कर मुख्य आरोपी राजीव उर्फ राजू खटा, जाहिद उर्फ लंबू और आरिफ को भी गिरफ्तार कर लिया।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में राशिद कुरैशी (मेरठ), सतार (बागपत), सरफराज उर्फ भुटन (मेरठ), जाहिद उर्फ लंबू (बागपत), राजीव उर्फ राजू खटा (बागपत) तथा आरिफ (हापुड़) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं और अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं।

लूटा गया माल बरामद करने की कार्रवाई जारी

कोतवाली पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। लूटे गए आभूषण, नकदी और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। साथ ही गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)

ये भी पढे़ं- झुंझुनूं में करोड़ों का ATM कैश घोटाला, कैश वैन में चाबियां छोड़ फरार हुए 2 कर्मचारी, बैंकों में हड़कंप

पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI का एजेंट गिरफ्तार, दो जासूसों से पूछताछ के बाद CID का बड़ा एक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।