1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में पहले चरण में 2.54 करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, 120 साल से ज्यादा उम्र के 13 वोटर्स

राजस्थान में पहले चरण में 2.54 करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, 120 साल से ज्यादा उम्र के 13 वोटर्स

 Published : Mar 29, 2024 11:34 am IST,  Updated : Mar 29, 2024 11:35 am IST

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन पूरे हो चुके हैं। राज्या में दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को चुनाव होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों- गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा।

voters- India TV Hindi
मतदाता Image Source : FILE PHOTO

राजस्थान में आगामी लोकसभा चुनाव के तहत पहले चरण में जिन 12 सीटों पर मतदान होना है वहां 2.54 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। निर्वाचन विभाग ने इन सीटों के लिए एकीकृत मतदाता सूचियां प्रकाशित कर दी हैं। विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इन मतदाता सूचियों में कुल 2,54,29,610 मतदाता रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से 1,14,069 सर्विस वोटर हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव-2024 के लिए प्रकाशित इन मतदाता सूचियों के अनुसार, सामान्य मतदाताओं की कुल संख्या 2,53,15,541 हैं, जिनमें 1,32,89,538 पुरुष, 1,20,25,699 महिलाएं एवं 304 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में 18 से 19 वर्ष की उम्र के 7,98,520 नव मतदाता लोकसभा चुनाव में पहली बार मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 2,51,250 दिव्यांग मतदाता हैं।

दौसा में सबसे कम वोटर्स

उल्लेखनीय है कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीटों- गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। गुप्ता ने एक बयान में बताया कि प्रथम चरण के 12 लोकसभा क्षेत्रों में सर्वाधिक मतदाता जयपुर में 22,87,350 हैं, जबकि दौसा लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 18,99,304 वोटर हैं। 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की सबसे अधिक संख्या 1,802 झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र में है। 13 बुजुर्ग मतदाताओं की उम्र 120 वर्ष से अधिक है।

वोटर्स की संख्या में लगभग 22.5 लाख की वृद्धि

गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2024 में इन 12 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 2,54,29,610 मतदाता रजिस्टर्ड हैं, इनमें 2,53,15,541 सामान्य मतदाता हैं। वहीं, 2019 में चुनाव के दौरान कुल 2,31,79,625 मतदाता थे। इसमें सामान्य मतदाताओं की संख्या 2,30,68,868 थी। अब इन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या में लगभग 22.5 लाख की वृद्धि हो गई है। उन्होंने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रथम चरण के मतदान के लिए 23,651 मतदान केन्द्र एवं 719 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर कुल 24,370 मतदान केन्द्र हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए 28,105 मतदान केन्द्र एवं 651 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर 28,756 मतदान केन्द्र हैं। इस तरह से प्रदेश में कुल 53,126 मतदान केन्द्र हैं।

यह भी पढ़ें-

राजस्थान में करीब 68 हजार लोग घर से वोट डालेंगे, जानिए किसे मिल रही है सुविधा

पहली बार कांग्रेस से एक भी मुस्लिम-ब्राह्मण को टिकट नहीं, आखिर क्या है वजह?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।