जयपुर: राजस्थान में सियासी उठापटक के दौर में लगातार बदल रहे घटनाक्रम के बीच पार्टी से बगावत करने वाले पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक, इन नेताओं के बीच यह मुलाकात अभी भी जारी है। बता दें कि राजस्थान कांग्रेस के विधायकों ने सचिन पायलट और उनके समर्थक विधायकों पर कार्रवाई की मांग की थी। इससे एक बार कांग्रेस में हलचल फिर तेज हो गई है।
Related Stories
बताया जा रहा है कि इनकी मुलाकात आज दोपहर करीब 12.30 बजे हुई। पायलट के करीबी सूत्रों का दावा है उनके द्वारा देशद्रोह का आरोप हटाने, फिर से पीसीसी बनाए जाने और अशोक गहलोत कार्यकाल के अंतिम साल में सीएम बनाए जाने की मांग की।
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस सूत्रों ने बताया था कि राहुल गांधी अभी भी पायलट के लिए कांग्रेस के दरवाजे खुले रखना चाहते हैं। वहीं अशोक गहलोत ने रविवार को विधायकों से ऐसी ही एकजुटता विधानसभा में भी दिखाने को कहा है जैसी की अब तक उन्होंने दिखाई है।
जैसलमेर के रिसॉर्ट में कांग्रेस विधायक दल और समर्थक दलों की बैठक को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा, ‘‘हम सब लोकतंत्र के योद्धा हैं। यह लड़ाई हम जीतने जा रहे हैं और साढे़ तीन साल के बाद चुनाव में भी जीतेंगे।’’
उन्होंने विधायकों से सदन में तैयारी के साथ जाने को कहा है और उसके बाद अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जन कल्याण कार्यो की एक सूची पेश करने को कहा है ताकि सरकार उन पर काम कर सके। उन्होंने राजनीतिक उथल-पुथल और राज्य में कोरोना वायरस संकट के कारण पैदा हालात से बखूबी निपटने का विश्वास व्यक्त किया।