1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. युवक-युवती के प्रेम विवाह पर गांव में बवाल, परिजनों ने पंचायत बुलाकर युवक के चाचा का घर फूंका

युवक-युवती के प्रेम विवाह पर गांव में बवाल, परिजनों ने पंचायत बुलाकर युवक के चाचा का घर फूंका

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 05, 2025 10:52 am IST,  Updated : May 05, 2025 10:53 am IST

राजस्थान के चूरू जिले में एक ही गांव के युवक-युवती के प्रेम विवाह पर बवाल खड़ा हो गया है। लड़की के परिजनों ने पंचायत बुलाकर युवक के चाचा का घर फूंक दिया है।

राजस्थान के चूरू में लव मैरिज पर बवाल।- India TV Hindi
राजस्थान के चूरू में लव मैरिज पर बवाल। Image Source : INDIA TV

राजस्थान के चूरू जिले के सरदारशहर से 30 किलोमीटर दूर स्थित देराजसर गांव में प्रेम विवाह को लेकर भारी बवाल हो गया। प्रेमी जोड़े की शादी से नाराज़ लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने लड़के के चाचा के घर पर हमला बोल दिया, जिसमें जमकर तोड़फोड़ की गई और पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी गई। इस गंभीर घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अस्थायी पुलिस चौकी स्थापित की।

14 लोग गिरफ्तार, 36 के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, लड़के के परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में करीब तीन दर्जन लोगों को नामजद किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई और डीएसपी रामेश्वर लाल ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान मीडिया कर्मियों के साथ भी कुछ ग्रामीणों ने अभद्र व्यवहार किया और कवरेज करने से रोका।

प्रेम विवाह की शुरुआत और विवाद की जड़

जानकारी के अनुसार, देराजसर निवासी अनुराधा सुथार और संदीप आचार्य दो वर्षों से एक-दूसरे से संपर्क में थे और 7 अप्रैल को गांव से भागकर विवाह कर लिया। 8 अप्रैल को लड़की के परिजनों ने सरदारशहर पुलिस थाने में अनुराधा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। 22 अप्रैल को दोनों ने चूरू एसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई और बताया कि वे बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है।

गांव में पंचायत और तनाव

इस विवाह से नाराज़ लड़की के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने गांव में एक पंचायत बुलाई, जिसमें लड़के के परिजनों को भी बुलाया गया। पंचायत में निर्णय हुआ कि लड़के के परिजन सात दिनों के भीतर दोनों को वापस गांव लेकर आएंगे। लेकिन समयसीमा समाप्त होने के बाद जब जोड़े का कोई पता नहीं चला, तो आक्रोशित ग्रामीणों और लड़की के परिजनों ने लड़के के चाचा के घर पर हमला बोल दिया।

लड़के के परिजनों का बयान 

लड़के के परिजनों का कहना है कि वे भी इस विवाह से सहमत नहीं थे और गांव के लोगों के निर्देशों का पालन कर रहे थे। बावजूद इसके, उनके घर पर हमला कर दिया गया। उनका कहना है कि उन्हें नहीं मालूम कि लड़का और लड़की फिलहाल कहां हैं और वे दोनों को घर पर रखने को तैयार भी नहीं हैं। पुलिस ने फिलहाल स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष को सुरक्षा प्रदान की गई है और आगामी दिनों में मामले में और गिरफ्तारी हो सकती है। (रिपोर्ट: अमित शर्मा)

ये भी पढ़ें- राजस्थान: कोटा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने की सुसाइड, आज देशभर में इस एग्जाम का आयोजन

जैसलमेर से गिरफ्तार हुआ पाकिस्तानी जासूस, 2019 से ISI के संपर्क में था; पूछताछ में बड़े खुलासे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।