1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश की चेतावनी, माउंट आबू में 0.8 डिग्री दर्ज हुआ तापमान

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच बारिश की चेतावनी, माउंट आबू में 0.8 डिग्री दर्ज हुआ तापमान

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jan 17, 2025 09:04 pm IST,  Updated : Jan 17, 2025 09:10 pm IST

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और शुक्रवार को अनेक इलाकों में सुबह घने कोहरे के साथ हुई। राज्य में कई जगह न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

जयपुरः राजस्थान में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि बीकानेर, जयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों सहित राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा दर्ज किया गया और दिन में ठंड रही।  उन्होंने कहा कि अगले 2-3 दिनों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

दो दिन इन इलाकों में हो सकती है बारिश

जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 21-22 जनवरी को नये पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान शुष्क रहा।

राजस्थान के इन इलाकों में पड़ रही है कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य का एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू 0.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। मैदानी इलाकों में सिरोही में तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सीकर में 4.0 डिग्री, पिलानी में 6.4 डिग्री, जालोर में 6.8 डिग्री, अजमेर में 6.9 डिग्री, जैसलमेर में 7.0 डिग्री और जयपुर में 7.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, , नागौर में 6.1 डिग्री सेल्सियस, फ़तेहपुर में 7.2 डिग्री, फलोदी और श्रीगंगानगर में 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि लगभग सभी प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर में शुक्रवार सुबह तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में अभी कड़ाके की सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 

कई जिलों में स्कूल बंद

बता दें कि राजस्थान में कड़ाके की सर्दी और बारिश के कारण कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कोटा में कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए स्कूल 18 जनवरी तक बंद रहेंगे। इसी तरह चित्तौड़गढ़ में कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए 17 जनवरी तक छुट्टी रही। डीग जिले में कक्षा 8 तक के स्कूल भी 18 जनवरी तक बंद रहेंगे। 

इनपुट- पीटीआई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।