1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. आज का दिन इतिहास में किया जाएगा दर्ज, कोटा में जलेगा दुनिया का सबसे बड़ा रावण पुतला

आज का दिन इतिहास में किया जाएगा दर्ज, कोटा में जलेगा दुनिया का सबसे बड़ा रावण पुतला

 Edited By: Adarsh Pandey
 Published : Oct 02, 2025 12:16 pm IST,  Updated : Oct 02, 2025 04:32 pm IST

आज दशहरा है और अलग-अलग राज्यों में कई जगह रावण दहन किया जाएगा। इसी क्रम में राजस्थान के कोटा में दहन करने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा रावण बनाया गया है।

कोटा में जलेगा दुनिया का सबसे बड़ा रावण पुतला- India TV Hindi
कोटा में जलेगा दुनिया का सबसे बड़ा रावण पुतला Image Source : REPORTER INPUT

भारत में आज 2 अक्टूबर के दिन विजयादशमी का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन को बुराई पर अच्छाई की जीत के तौर पर मनाया जाता है। हिंदू धर्म की मान्यताओं के मुताबिक, आज के दिन ही भगवान राम ने लंका के राजा रावण का वध करके बुराई पर अच्छाई की जीत का झंडा लहराया था। उसी दिन को याद करते हुए आज के दिन हर साल कई जगहों पर रावण के पुतले का दहन करके यह संदेश दिया जाता है कि बुराई कितनी भी बड़ी हो, अच्छाई के सामने लंबे समय तक टिक नहीं सकती है और बुरा करने पर क्या नतीजा होता है, यह भी लोगों को समझाया जाता है। इस अवसर पर राजस्थान के कोटा में दहन के लिए दुनिया का सबसे बड़ा रावण पुतला बनाया गया है। आइए आपको उसके बारे में बताते हैं।

कोटा में जलेगा सबसे बड़ा पुतला

कोटा में हो रहा 132वां राष्ट्रीय मेला दशहरा 2025 इतिहास रचने के लिए पूरी तरह से तैयार हो गया है। इस साल रावण दहन के लिए करीब 4 महीनों की मेहनत से 215 फीट का रावण का पुतला बनाया गया है और आज उसका दहन किया जाएगा। आपको बता दें कि इस पुतले को बनाने के बाद कारीगरों ने ही क्रेन की मदद से इसे सीमेंटेड फाउंडेशन पर खड़ा किया। इस काम में करीब 2 घंटे का समय लगा। मेला परिसर में सीना ताने खड़ा 215 फीट का रावण दूर से ही नजर आ रहा था। ऐसे में सड़क पर चलते राहगीर भी रुक कर दूर से ही रावण को देखने लगे। आपको बता दें कि रावण का पुतला इतना बड़ा है इसलिए मेले के आसपास लगभग डेढ़ सौ फीट की परिधि में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किया गए थे।

आपको बता दें कि इस रावण के पुतले का वजन तीन क्विंटल है। इसके 60 फीट के मुकुट में कलर्ड LED लाइट लगाई गई है। मुकुट के साथ ही, ढाल में भी LED लगी हुई है। पुतले को लाल, हरे और नीले रंग के कपड़ों से कवर किया गया है जो बहुत ही आकर्षक नजर आ रहे हैं। रावण को इस बार भी दशानन स्वरूप में ही बनाया गया है। इसकी तलवार 50 फीट की है। अब आज शाम को इस पुतले का दहन किया जाएगा।

आज कोटा जाएंगे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

आपको बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विश्व के सबसे बड़े रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एक दिवसीय दौरे पर आज कोटा जाएंगे। इसके बाद प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। वहां से शाम करीब 7:15 बजे दशहरा मैदान स्थित विजयश्री रंगमंच पहुंचेंगे और विश्व के सबसे बड़े रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

(कोटा से दिनेश कश्यप की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें-

5 फीट लंबे पंख और 3 फीट की लंबाई... लोमड़ी है या चमगादड़? भीलवाड़ा में मिले इस जीव को देख डर गए लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।