राजस्थान के टोंक में सोमवार सुबह वन क्षेत्र से भटककर आया करीब पांच वर्षीय पैंथर घनी आबादी में घुस गया। पैंथर ने टोडारायसिंह कस्बे में वन मित्र सहित तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बाद में वह शराब की दुकान में घुसकर छिप गया। सूचना पर वन विभाग, पुलिस और जयपुर से पहुंची वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू टीम ने करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद पैंथर को ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। पूरे घटनाक्रम के दौरान कस्बे में दहशत का माहौल रहा और मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे पीपली चौराहे के पास एक गोदाम में पैंथर दिखाई दिया। लोगों की हलचल बढ़ने पर वह कोली मोहल्ले के एक खंडहर मकान में जा छिपा। सूचना मिलने पर वन मित्र राकेश सैनी मौके पर पहुंचे, लेकिन पैंथर ने अचानक पीछे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद पैंथर मकानों की छतों से होते हुए सुबह करीब 8:40 बजे गणपति प्लाजा स्थित जय श्री ओम बन्ना वाइंस में घुस गया।
सेल्समैन पर किया हमला
दुकान में सफाई कर रहे सेल्समैन संजय गुर्जर पर भी पैंथर ने हमला कर दिया। कुछ देर संघर्ष के बाद संजय ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को बचाया और बाहर निकल आए। इससे पहले दुकान के बाहर बैठे फतेहलाल कोली पर भी पैंथर ने झपट्टा मारकर घायल कर दिया। तीनों घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर घायल संजय गुर्जर को टोंक रेफर किया गया, जबकि राकेश सैनी और फतेहलाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
अलमारी के पीछे छिपकर बैठा
घटना के बाद पैंथर दुकान के अंदर अलमारी के पीछे छिप गया। लोगों ने तुरंत दुकान का शटर बंद कर दिया। इसके बाद अनुज्ञाधारी मनोज गुर्जर की मौजूदगी में ताले काटकर वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सूचना पर डीएफओ वीरेंद्र कृष्ण आरएफएस, अनुराग महर्षि रेंजर , मोहनलाल सैनी वनपाल सूर्य देव सिंह पुलिस उपाधीक्षक आशीष कुमार और थाना प्रभारी मुकेश कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। जयपुर से वरिष्ठ वन्य जीव पशु चिकित्सक डॉ अशोक कुमार तंवर एवं उनकी टीम ने पेंथर को ट्रेंकुलाइज कर सुरक्षित पिंजरे में बंद किया। रेस्क्यू पूरा होने के बाद प्रशासन लोगों ने राहत की सास ली अभियान के दौरान गणपति प्लाजा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा और भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
(टोंक से पुरुषोत्तम जोशी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
कोटा के बॉयज हॉस्टल में घुसा 5 फीट का मगरमच्छ, छात्रों में मचा हड़कंप; VIDEO आया सामने
मवेशी चराने गए छात्र की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या, जंगल में बोरे से ढका मिला शव