1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. 'अफ़सर सो रहे हैं, लोग रो रहे हैं', पेयजल समस्या को लेकर अधिकारियों पर भड़कीं वसुंधरा राजे

'अफ़सर सो रहे हैं, लोग रो रहे हैं', पेयजल समस्या को लेकर अधिकारियों पर भड़कीं वसुंधरा राजे

 Published : Apr 09, 2025 07:52 am IST,  Updated : Apr 09, 2025 10:15 am IST

वसुंधरा राजे ने पेयजल की समस्या की शिकायतों पर कहा- 'अफ़सर सो रहे हैं, लोग रो रहे हैं। मैं ऐसा नहीं होने दूंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 42 हज़ार करोड़ जल जीवन मिशन में दिया है। पाई-पाई का हिसाब दो।'

Vasundhara Raje, rajasthan- India TV Hindi
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे Image Source : INDIA TV

झालरापाटन: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने विधानसभा क्षेत्र झारलापाटन का दौरा किया। इस दौरान पेयजल संकट की शिकायत मिलने पर वे अधिकारियों पर बिफर पड़ीं। उन्होंने कहा कि अफ़सर सो रहें है और लोग रो रहें हैं। उन्होंने कहा कि क्या प्यास जनता को नहीं, सिर्फ़ अफ़सरों को ही लगती है?

अधिकारियों की ली क्लास

वसुंधरा राजे झालरापाटन के रायपुर कस्बे में पहुंचीं तो वहां लोगों ने पेयजल समस्या का मुद्दा उठाया। पेयजल संकट की शिकायत पर जनजीवन मिशन और जलदाय विभाग के अफसरों की वसुंधऱा राजे ने अच्छी खासी क्लास ली। उन्होंने कहा- ‘क्या जनता को प्यास नहीं लगती?  सिर्फ़ आप अफ़सरों को ही प्यास लगती है। गर्मी में पेयजल संकट के कारण जनता त्रस्त है और अफ़सर तृप्त हैं।' 

पानी कागजों में नहीं, लोगों के होठों तक पहुंचे

वसुंधरा राजे ने सख्त लहजे में कहा-'पानी कागजों में नहीं, लोगों के होठों तक पहुंचे। अफ़सर सो रहे हैं, लोग रो रहे हैं। मैं ऐसा नहीं होने दूंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 42 हज़ार करोड़ जल जीवन मिशन में दिया है। पाई-पाई का हिसाब दो कि झालावाड़ के हिस्से की राशि का आपने क्या किया? पेयजल संकट निवारण के लिए हमारी सरकार तो पैसा दे रही है, लेकिन अफसर योजनाओं का सही क्रियान्वयन नहीं कर रहे हैं। इसलिए राजस्थान के लोग प्यास से व्याकुल है।

धैर्य की परीक्षा मत लीजिए

वसुंधरा राजे ने कहा- यह तो अप्रेल का हाल है। जून-जुलाई में क्या होगा? वसुंधरा राजे के इस सवाल पर अधीक्षण अभियंता दीपक सिंह झा सहित वहां मौजूद कोई अधिकारी संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाया तो उन्होंने साफ़ कहा कि लोगों के धैर्य की परीक्षा मत लीजिए। यहां ऐसा हरगिज नहीं चलेगा। वसुंधरा राजे के बेटे व झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह भी उनके साथ थे। इसके बाद वसुंधरा राजे ने कड़ोदिया गांव में सीएचसी भवन व मथानिया में पीएचसी भवन का उद्घाटन किया।

(रिपोर्ट-अनीस आलम, झालावाड़)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।