इस बार सूर्य आंशिक रूप से ढका हुआ दिखाई देगा और आंशिक रूप से ग्रहण को खण्डग्रास ग्रहण कहते हैं। लिहाजा 12 अगस्त 2026 को खण्डग्रास सूर्यग्रहण है। सूर्य ग्रहण का ज्योतिष में खास महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इसका प्रभाव सभी 12 राशियों पर अलग-अलग तरह से पड़ सकता है। किसी राशि के लिए इसका असर करियर, धन और परिवार से जुड़े मामलों पर हो सकता है, तो किसी को स्वास्थ्य, भाग्य या रिश्तों में उतार चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं सूर्य ग्रहण का मेष से मीन तक सभी 12 राशियों पर क्या असर पड़ेगा और इसके अशुभ प्रभावों से बचने के लिए क्या उपाय बताए गए हैं।
ग्रहण का समय
हालांकि, यह सूर्यग्रहण भारत में अदृश्य है। यह ग्रहण पश्चिमी यूरोप, पश्चिमी अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, ग्रीनलैण्ड, उत्तरी-अटलांटिक महासागर और उत्तरी प्रशान्त महासागर में दिखाई देगा। भारतीय समय के अनुसार इस ग्रहण का स्पर्शकाल आज रात 9 बजकर 4 मिनट पर होगा, जबकि इसका मोक्ष काल आज देर रात 1 बजकर 28 मिनट पर होगा। अतः इस ग्रहण का कुल पर्वकाल 4 घंटे 24 मिनट का रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों सूर्यग्रहण आपके चौथे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में चौथे स्थान का संबंध माता, भूमि-भवन और वाहन से है। इस दौरान किसी काम में आपको माता से सहयोग पाने के लिये थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है। अतः इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये आज किसी जरूरतमंद को भोजन कराना चाहिए।
वृष राशि
वृष राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके तीसरे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में तीसरा स्थान भाई-बहनों से संबंध रखता है। अतः भाई-बहनों के साथ आपके रिश्ते पर यह ग्रहण लगेगा। लिहाजा इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये आज आपको धार्मिक कार्यों में अपना सहयोग देना चाहिए।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके दूसरे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में दूसरा स्थान धन से संबंध रखता है। आपको आर्थिक रूप से कुछ परेशानी फेस करनी पड़ सकती है। लिहाजा इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये आज नारियल या कुछ बादाम मन्दिर या किसी धर्मस्थल पर दान करना चाहिए।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके लग्न स्थान यानि पहले स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में पहला स्थान स्वयं का यानि शरीर तथा मुख का होता है। लिहाजा यह ग्रहण स्वयं आप पर और आपके शरीर पर लगेगा। आज के दिन आपके अन्दर ऊर्जा की कमी रहेगी। लिहाजा इस ग्रहण की अशुभ स्थिति से बचने के लिये आज सूर्यदेव को जल चढ़ाना चाहिए।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके बारहवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में बारहवें स्थान का संबंध शैय्या सुख से है, आपके खर्चों से है। इस ग्रहण के प्रभाव से आपको शैय्या सुख पाने में मुश्किलें होंगी और आपके खर्चों में बढ़त होगी। इस ग्रहण की अशुभता से बचने के लिये आज ग्रहण के बाद अपने घर की खिड़की, दरवाज़े खुले रखने चाहिए और घर में उचित मात्रा में रोशनी रखनी चाहिए।
कन्या राशि
कन्या राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके ग्यारहवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में ग्यारहवें स्थान का संबंध आपकी आमदनी और कामना पूर्ति से है। अतः इस ग्रहण का असर आपकी आमदनी और आपकी इच्छाओं पर होगा। आपको अपनी किसी इच्छा की पूर्ति करने में परेशानी आ सकती है। अतः सूर्यग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये आज रात को सोते समय अपने सिरहाने पर 5 मूली या 5 बादाम रखकर सोएं और अगले दिन उन्हें किसी मन्दिर या धर्मस्थल पर दान दे आएं।
तुला राशि
तुला राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके दसवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में दसवें स्थान का संबंध आपके करियर और आपके पिता के करियर की सफलता से संबंध रखता है। आपको अपने करियर के डिसीजन लेने में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं। लिहाजा इस ग्रहण के प्रभाव से बचने के लिये आज सफेद या शरबती रंग की टोपी या पगड़ी सिर पर पहनें।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके नवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में नवां स्थान भाग्य से संबंध रखता है। अतः आपके भाग्य पर, आपकी किस्मत पर यह ग्रहण लगेगा। इस दौरान आपकी किस्मत आपका पूरी तरह से साथ नहीं दे पायेगी। तो अपने भाग्य को ग्रहण के प्रभाव से बचाने के लिये आज मन्दिर में गुड़ का दान करना चाहिए।
धनु राशि
धनु राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके आठवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में आठवें स्थान का संबंध आपकी आयु से है। आपके स्वास्थ्य में कुछ उतार-चढ़ाव हो सकते हैं। तो सूर्य के इस ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये आज काली गाय या बड़े भाई की सेवा करनी चाहिए।
मकर राशि
मकर राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके सातवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में सातवें स्थान का संबंध जीवनसाथी से होता है। आज के दिन जीवनसाथी के साथ कुछ अनबन हो सकती है। अतः इस ग्रहण के अशुभ फलों से बचने के लिये आज भोजन करने से पहले एक रोटी के टुकड़े की अग्नि में आहुति देनी चाहिए।
कुम्भ राशि
कुम्भ राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके छठे स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में छठे स्थान का संबंध स्वास्थ, शत्रु और मित्र से होता है। इस दौरान शत्रु आप पर हावी होने की कोशिश कर सकते हैं, संभलकर रहें और दोस्तों का साथ बनाये रखें। साथ ही इस ग्रहण के प्रभावों से बचने के लिये आज आपको कुत्ते को रोटी खिलानी चाहिए।
मीन राशि
मीन राशि वालों यह सूर्यग्रहण आपके पांचवें स्थान पर लगेगा। जन्मपत्रिका में पांचवे स्थान का संबंध विद्या से है, गुरु से है, संतान से है, विवेक से है और साथ ही रोमांस आदि विषयों से है। अतः आपकी इन सब स्थितियों पर सूर्य का यह ग्रहण लगेगा। ग्रहण के अशुभ प्रभावों से बचने के लिये आज आपको गाय को हरा चारा डालना चाहिए।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें- हरियाली अमावस्या कल, इस मुहूर्त में करें स्नान-दान, दूर होगा पितृ दोष और पूर्वजों का मिलेगा आशीर्वाद