25 December Tulsi Pujan Diwas: क्रिसमस डे पर तुलसी पूजन दिवस मनाने की शुरुआत 2014 में हुई थी। देश के कई बड़े साधु-संतों ने तुलसी के महत्व को देखते हुए 25 दिसंबर का दिन तुलसी पूजन दिवस मनाने के लिए चुना। इसलिए हर साल इस दिन हिंदू धर्म के लोग तुलसी माता की विशेष पूजा करते हैं। धार्मिक मान्यताओं अनुसार तुलसी का पूजन करने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त होती है। चलिए आपको बताते हैं तुलसी पूजन दिवस कैसे मनाते हैं।
तुलसी पूजन दिवस कैसे मनाते हैं?
25 दिसंबर को सनातन धर्म के लोग तुलसी के गमले को साफ करते हैं और उसे रंगते हैं। फिर शुभ मुहूर्त में शाम के समय तुलसी माता की विधि विधान पूजा करते हैं और उनके मंत्रों का जाप करते हैं। साथ ही तुलसी जी की आरती भी करते हैं। इस दिन सुबह-शाम तुलसी में जल जरूर चढ़ाएं। साथ ही पौधे के समक्ष घी का दीपक भी जलाएं। इस दिन तुलसी माता को मिठाई या खीर का भोग लगाना बेहद शुभ माना जाता है। साथ ही इस शुभ अवसर पर तुलसी की परिक्रमा करना बिल्कुल भी न भूलें।
तुलसी पूजन का महत्व (Tulsi Pujan Ka Mahatva)
हिंदू धर्म में तुलसी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। कहते हैं जिस घर में नियमित रूप से तुलसी की पूजा होती है वहां सुख-समृद्धि की कभी कमी नहीं होती। हिंदू धर्म में तुलसी को देवी लक्ष्मी का स्वरूप और भगवान विष्णु की प्रिय माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार तुलसी पूजन से घर में नकारात्मक शक्तियां प्रवेश नहीं करतीं। इतना ही नहीं तुलसी पूजन से व्यक्ति के सभी पापों का नाश हो जाता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें: