1. Hindi News
  2. धर्म
  3. बुध के 18 जुलाई को वक्री होने से इन 3 राशियों की वाणी होगी प्रभावित, अपनी बातों से तोड़ सकते हैं लोगों का दिल

बुध के 18 जुलाई को वक्री होने से इन 3 राशियों की वाणी होगी प्रभावित, अपनी बातों से तोड़ सकते हैं लोगों का दिल

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jul 17, 2025 08:47 am IST,  Updated : Jul 17, 2025 08:47 am IST

बुध ग्रह 18 जुलाई को कर्क राशि में वक्री चाल शुरू कर देंगे। बुध के वक्री होने से कुछ राशियों की वाणी पर नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है, आज हम आपको इन्हीं राशियों के बारे में जानकारी देंगे।

Budh Vakri- India TV Hindi
बुध वक्री Image Source : SOCIAL

बुध ग्रह को ज्योतिष में वाणी और संचार का कारक माना जाता है। कुंडली में इसकी शुभ स्थिति जहां व्यक्ति को मृदभाषी और तार्किक बनाती है, वहीं बुध के प्रतिकूल होने पर व्यक्ति कटु वचन बोलने वाला हो सकता है। इसके साथ ही जब बुध वक्री होते हैं तो कुछ राशियों की वाणी पर इसका नकारात्मक प्रभाव देखने को मिलता है। ये राशियां अपनी वाणी से अपने करीबियों को भी आहत कर सकती हैं। 18 जुलाई को बुध कर्क राशि में वक्री होने जा रहे हैं, ऐसे में किन राशियों की वाणी पर इसका प्रभाव पड़ेगा, आइए जानते हैं। 

वृषभ राशि

बुध आपकी राशि से तृतीय भाव में वक्री चाल चलेंगे। इस भाव को संचार और धैर्य का कारक भी माना जाता है। बुध के वक्री होने से आपकी संचार क्षमता प्रभावित होगी। आप लोगों पर अपनी बातें थोपने की कोशिश कर सकते हैं और सहकर्मियों, घर के लोगों को अपनी बातों से आहत कर सकते हैं। बेवजह के तर्क-वितर्क में पड़कर अपना समय भी इस राशि के लोग बर्बाद करेंगे। अहम भाव की अधिकता आपको करीबियों से दूर ले जाएगी। इस दौरान जितना कम बोलेंगे उतना ही आपके लिए अच्छा रहेगा। 

मिथुन राशि 

बुध आपकी ही राशि के स्वामी हैं और आपके द्वितीय भाव में वक्री होंगे। दूसरे भाव को वाणी का कारक माना जाता है। इसलिए बुध का वक्री होना आपकी वाणी में कटुता भर सकता है। अपना काम बनाने के लिए आप झूठ का सहारा भी इस दौरान ले सकते हैं। पारिवारिक जीवन में आप वाद-विवाद कर सकते हैं और अपने घर वालों को भी आहत कर सकते हैं। इस दौरान खुद को सबसे बेहतर दिखाने की जिद्द आपके प्रेम और वैवाहिक संबंधों को भी प्रभावित करेगी। हालांकि धन और करियर के क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। 

मकर राशि 

बुध आपके सप्तम भाव में गोचर करेंगे जो साझेदारी और सामाजिक संबंधों का कारक भाव माना जाता है। इस भाव में बुध के वक्री होने से नौकरी और कारोबार में प्रतिकूल परिणाम आपको मिल सकते हैं। कारोबार के क्षेत्र में आपकी वाणी आपके साझेदारों को आहत कर सकती है। सहकर्मियों के साथ बातचीत के दौरान आप अपना आपा खो सकते हैं, इससे आपकी छवि पर बुरा असर पड़ेगा। वैवाहिक जीवन में भी बातचीत के दौरान आपको सावधान रहना चाहिए। कम बोलकर और एकांत में समय बिताकर आप वाणी को नियंत्रित रख सकते हैं। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।