हस्तरेखा शास्त्र में हाथ की रेखाओं के साथ ही उंगलियों की लंबाई से भी आपके जीवन के बारे में काफी कुछ जानकारी मिलती है। ऐसे में आज हम आपको मध्यमा उंगली के बारे में बताने जा रहे हैं जिसे शनि की उंगली भी कहा जाता है। इस उंगली से आपके करियर-कारोबार के बारे में पता चलता है साथ ही यह उंगली बताती है कि आप कितने जिम्मेदार और गंभीर होंगे। आइए विस्तार से जानते हैं इसके बारे में।
सामान्य से अधिक लंबी हो अगर मध्यमा उंगली
मध्यमा उंगली यानि मिडिल फिंगर यदि आवश्यकता से अधिक लंबी हो तो इसे अच्छा संकेत माना जाता है। हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार अधिक लंबी मध्यमा उंगली व्यक्ति को मेहनती और सफल बनाने वाली साबित होती है। ऐसे लोगों को मेहनत का अच्छा परिणाम भी मिलता है और उच्च पदों तक भी ये पहुंच सकते हैं। करियर के क्षेत्र में मनचाहे परिणाम भी इनको मिल सकते हैं। अगर ऐसे लोग कारोबार करते हैं तो सफलता इनको मिल सकती है। ऐसे लोग आवश्यकता से अधिक गंभीर भी हो सकते हैं और अक्सर एकांत में समय बिताना इनको पसंद होता है। हालांकि, इनका व्यवहार अच्छा होता है इसलिए समाज में इनको मान-सम्मान की प्राप्ति होती है।
मध्यमा उंगली की लंबाई हो अगर सामान्य
जिन लोगों की मध्यमा उंगली सामान्य लंबाई वाली होती है उन्हें बेहद जिम्मेदार और अनुशासनप्रिय माना जाता है। ऐसे लोग ईमानदार भी होते हैं और संतुलन के साथ जीवन को जीते हैं। करियर के क्षेत्र में ये सही प्लानिंग के साथ आगे बढ़ते हैं जिसके कारण सफलता भी इनके कदम चूमती है। ऐसे लोगों को किस्मत का भी सहयोग मिलता है। व्यापार के क्षेत्र में भी ये सफल हो सकते हैं लेकिन बिना सलाह-मशवरा किए इनको कोई कदम नहीं उठाना चाहिए।
आवश्यकता से अधिक छोटी मध्यमा उंगली
जिन लोगों की मध्यमा उंगली लंबाई में सामान्य से कम होती है ऐसे लोगों को करियर और कारोबार में संघर्षों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे लोग मेहनत तो करते हैं लेकिन छोटी सी परेशानी भी इनको पथ से भटका सकती है और ये निराशावादी हो सकते हैं। बिना कड़ी मेहनत के करियर के क्षेत्र में इन्हें सफलता मिलने में मुश्किल हो सकती है। हालांकि, अपने काम के प्रति अगर ऐसे लोग ईमानदार रहें और निराश न हों तो आगे बढ़ सकते हैं। अगर आप जानना चाहते हैं कि मध्यमा उंगली के झुकाव से क्या पता चलता है तो इस बारे में हमारी वेबसाइट पर विस्तार से लेख पढ़ सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
नवरात्रि में कन्या पूजन कब किया जाएगा? नोट कर लें सही तारीख और शुभ मुहूर्त