1. Hindi News
  2. धर्म
  3. हथेली के तिल खोल सकते हैं आपके व्यक्तित्व और भाग्य के राज, जानिए क्या कहता है हस्तरेखा शास्त्र

हथेली के तिल खोल सकते हैं आपके व्यक्तित्व और भाग्य के राज, जानिए क्या कहता है हस्तरेखा शास्त्र

 Written By: Arti Azad @Azadkeekalamse
 Published : Jul 08, 2026 10:55 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 10:55 pm IST

हस्तरेखा शास्त्र में हथेली के अलग-अलग स्थानों पर बने तिल का अलग महत्व बताया है। हथेली पर बना एक छोटा सा तिल भी जीवन से जुड़े खास संकेत देता है। आइए जानते हैं कि हथेली के कौन से हिस्से को किस बात का संकेत माना जाता है।

Palm Mole Meaning- India TV Hindi
हथेली के तिल से जानें शुभ-अशुभ संकेत Image Source : PEXELS

शरीर पर बने तिल को हस्तरेखा शास्त्र में विशेष महत्व दिया गया है। मान्यता है कि हथेली के अलग-अलग हिस्सों पर मौजूद तिल आपके व्यक्तित्व और भाग्य के राज खोलते हैं। हथेली के ये तिल करियर, आर्थिक स्थिति और जीवन की दिशा से जुड़े कई संकेत देते हैं। तो चलिए जानते हैं हथेली के किस भाग पर बने तिल कौन-कौन से संकेत देते हैं।

हथेली के बीच का तिल

अगर हथेली के बिल्कुल मध्य भाग में तिल हो और वह किसी प्रमुख रेखा को स्पर्श न करता हो, तो इसे शुभ माना जाता है। ऐसे लोग मेहनती, दूरदर्शी और आर्थिक मामलों में समझदारी से फैसले लेने वाले होते हैं। अगर मुट्ठी बंद करने पर यह तिल पूरी तरह छिप जाता है, तो इसे और भी शुभ संकेत माना जाता है। मान्यता है कि ऐसे लोग धन कमाने के साथ उसे सही तरीके से निवेश करने की क्षमता भी रखते हैं।

गुरु पर्वत पर तिल

तर्जनी उंगली के नीचे स्थित भाग को गुरु पर्वत कहते हैं। हस्तरेखा शास्त्र में इस स्थान पर तिल को ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और सम्मान का प्रतीक माना गया है। मान्यता है कि इस स्थान पर तिल वाले लोग शिक्षा, प्रशासन, प्रबंधन या नेतृत्व से जुड़े क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। 

शनि पर्वत का संकेत

मध्यमा उंगली के नीचे का भाग शनि पर्वत कहलाता है। इस स्थान पर तिल होना धैर्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि ऐसे लोगों को सफलता जल्दी नहीं, बल्कि लगातार प्रयासों के बाद मिलती है। समय के साथ वे अपने क्षेत्र में अच्छी पहचान बना सकते हैं।

शुक्र पर्वत पर तिल

अंगूठे के नीचे का उभरा हुआ भाग शुक्र पर्वत कहलाता है। इस स्थान पर तिल को सुख-सुविधाओं, आकर्षण और भौतिक समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे लोगों के जीवन में आराम, ऐश्वर्य और आर्थिक स्थिरता के अवसर बढ़ सकते हैं। साथ ही वे रिश्तों को निभाने में भी बेहतर माने जाते हैं।

सिर्फ तिल से नहीं तय होता भविष्य

जानकारों के अनुसार किसी व्यक्ति का भविष्य केवल एक तिल देखकर नहीं बताया जा सकता। इसके लिए हथेली की प्रमुख रेखाओं, पर्वतों की स्थिति, उंगलियों की बनावट आदि का एक साथ अध्ययन किया जाता है। सिर्फ तिल के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं माना जाता।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: हथेली में है ये रेखा तो सरकारी क्षेत्रों से मिलेगा लाभ, धन-धान्य की भी नहीं होगी कमी

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।