1. Hindi News
  2. धर्म
  3. मंगलवार को करें ये आसान उपाय, हनुमान जी दूर करेंगे सारे परेशानी, हर संकट से मिलेगा छुटकारा!

मंगलवार को करें ये आसान उपाय, हनुमान जी दूर करेंगे सारे परेशानी, हर संकट से मिलेगा छुटकारा!

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Vineeta Mandal
 Published : Aug 31, 2026 09:46 pm IST,  Updated : Aug 31, 2026 09:46 pm IST

अगर आपके जीवन में परेशानियां बनी हुई हैं तो मंगलवार के दिन इन आसान उपायों को जरूर आजमाएं। इन उपायों को करने से हर समस्या का समाधान शीघ्र निकल जाता है।

मंगलवार के उपाय- India TV Hindi
मंगलवार के उपाय Image Source : INDIA TV

हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन संकटमोचन श्री हनुमान जी को समर्पित है। इस दिन बजरंगबली की पूजा-अर्चना करने से सभी कष्ट और संकट दूर हो जाता है। इसके अलावा अगर आपके जीवन में आर्थिक तंगी, बनते कामों में रुकावट या पारिवारिक कलह जैसी समस्याएं बनी रहती हैं तो मंगलवार के दिन इन विशेष उपायों को जरूर करें। इन उपायों को करने से हर संकट दूर हो जाता है और जीवन में खुशहाली आती है। तो आइए आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं मंगलवार के उपायों के बारे में।

- अगर आप कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में अपने आपको आर्थिक समस्याओं से घिरा पाते हैं और अब इस स्थिति से जल्द से जल्द बाहर निकलना चाहते हैं, तो अपनी डांवाडौल आर्थिक स्थिति को ठीक करने के लिए मंगलवार के दिन आपको हनुमान जी के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र है-'ऊँ हं हनुमते नमः।'

- अगर आपके दांपत्य रिश्ते के मध्य ऊष्मा पहले की अपेक्षा कम हो गई है और आप फिर से अपने रिश्ते में एक नई ऊष्मा भरना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद एक मिट्टी का दीपक लेकर, उसमें चमेली का तेल भरिये और एक लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाइए। अब उस दीपक को हनुमान जी के मंदिर ले जाकर जलाइए। अगर घर से बाहर मंदिर में नहीं जा सकते तो घर में ही हनुमान जी की तस्वीर के आगे वो दीपक जलाइए। भगवान के आगे दीपक जलाते समय अगर दोनों दम्पत्ति मौजूद हो तो और भी श्रेष्ठ है वरन् स्वयं ही दीपक जला दें। इसके साथ ही दीपक जलाने के बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें।

- अगर आपको अपने किसी काम को करने में कोई परेशानी आ रही है और वह पूरा नहीं हो पा रहा है तो मंगलवार के दिन एक मौली, यानी कलावा लेकर हनुमान जी के मंदिर जायें और वहां जाकर उस मौली को हनुमान जी के चरणों में रख दें। अब भगवान के चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। उसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा सा धागा निकालकर अपने हाथ की कलाई में बांध लें और बाकी बची हुई मौली को वहीं मंदिर में ही रखा रहने दें।

- अगर आप कर्ज के बोझ से परेशान हैं और आपसे कर्ज चुकाए नहीं चुक रहा है तो मंगलवार के दिन आपको स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनने चाहिए। फिर घर में किसी उचित स्थान पर आसन बिछाइए और उस पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठ जाइये। आसन पर बैठने के बाद श्री हनुमान का ध्यान करते हुए ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इसके अलावा अगर आप मंगलवार के दिन मंगलवार के दिन अपने कर्ज की एक किश्त या एक रुपया भी लेनदार को चुकायेंगे तो आपका बाकी का कर्जा भी जल्द ही उतर जायेगा।

- अगर आप अपने परिवार की खुशियां बरकरार रखना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद थोड़े-से चमेली के फूलों को इकट्ठा करें। अब उन चमेली के फूलों की माला बनाएं और हनुमान जी के मंदिर में जाकर भगवान को वो माला अर्पित करें। साथ ही अपने परिवार की खुशियों की दुआ करते हुए एक धूप बत्ती भी जलाएं।

- अगर आप अपने लवमेट के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत करना चाहते हैं या अपनी जिंदगी में प्यार की बयार को बनाये रखना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन आपको मंगल के मंत्र का जप करना चाहिए और वो मंत्र इस प्रकार है- ॐ क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम:। इस मंत्र का 11 बार जप करें और जाप करने के बाद हनुमान जी को बूंदी के प्रसाद का भोग लगाएं।

- अपने घर की सुख-समृद्धि के लिए, अपने परिवार को हर बुरी नजर से बचाये रखने के लिए मंगलवार के दिन  आपको एक छोटा-सा मिट्टी का बर्तन लेना चाहिए। अब उस बर्तन में शहद डालना चाहिए और उसके ऊपर ढक्कन लगाना चाहिए। इस प्रकार मिट्टी के बर्तन में शहद डालकर, उस पर ढक्कन लगाकर हनुमान जी के मंदिर में रख आयें।

- अगर आप अपने कामों की गति को बनाये रखना चाहते हैं या अपने किसी खास काम की सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन एक सफेद कोरा कागज और केसरीया सिंदूर लें। अब उस सिंदूर में थोड़ा-सा चमेली का तेल मिलाकर, उससे सफेद कोरे कागज पर भगवान राम का नाम लिखें। राम, राम, राम इस प्रकार 11 बार ‘राम’ नाम लिखना है। लिखने के बाद उस कागज को अच्छे से सुखा लें और सूखने के बाद उस कागज को मोड़कर अपने पर्स में रख लें।

- यदि आपका बच्चा अचानक से रात को सोते समय डर जाता है या उसे दूसरे नये लोगों से मिलने-जुलने में परेशानी होती है तो मंगलवार के दिन आपको श्री हनुमान की उपासना करनी चाहिए। साथ ही भगवान को केसरिया सिंदूर अर्पित करना चाहिए और अपने बच्चे के माथे पर भगवान के चरणों से लिया गया सिंदूर लगाना चाहिए।

- अगर आप संतान सुख पाना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद एक जटा वाला नारियल और सवा मीटर लाल कपड़ा लें। अब नारियल पर उस लाल कपड़े को लपेट दें। इस प्रकार लाल कपड़े से लिपटे हुए नारियल को हनुमान जी के मंदिर में चढ़ा दें। उसके बाद मंदिर में या फिर अपने ही घर में उचित स्थान पर बैठकर हनुमानष्टक का पाठ करें।

- अगर आप जीवन में खूब नाम कमाना चाहते हैं, तो मंगलवार के दिन आप केतु के इस मंत्र का 11 बार जप करें। मंत्र इस प्रकार है - ॐ स्रां स्रीं स्रौं स: केतवे नम:। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आप जीवन में खूब नाम कमायेंगे और आपकी एक अलग पहचान बनेगी। 

- अगर आप चाहते हैं कि आपका जीवनसाथी आपके हर फैसले में आपके साथ खड़ा रहे, तो मंगलवार के दिन आप केतु के इस मंत्र का 21 बार जप करें। मंत्र इस प्रकार है -ॐ स्रां स्रीं स्रौं स: केतवे नम:। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपका जीवनसाथी आपके हर फैसले में आपके साथ खड़ा रहेगा।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें:

जन्माष्टमी से पहले घर लाएं ये 5 शुभ चीजें, घर आएगी सुख-समृद्धि और दूर होगी हर परेशानी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।