Mangalwar Ke Upay: मंगलवार 7 अप्रैल को ज्येष्ठा नक्षत्र रहेगा। ऐसे में मंगलवार के दिन कुछ उपाय करने से आपको जीवन में सुख-समृद्धि प्राप्त हो सकती है। आप करियर से लेकर पारिवारिक जीवन तक में शुभ परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।
मंगलवार और ज्येष्ठा नक्षत्र के उपाय
- अगर आप गणित से संबंधित, यानी जोड़ घटा आदि से संबंधित विषय में कमजोर है, तो आपको स्टेशनरी का काम करने वाले किसी व्यक्ति को मिट्टी से बनी कोई चीज़ गिफ्ट करनी चाहिए और अगर उस चीज़ पर तोते का चित्र बना हो या फिर आपको मिट्टी से बना तोता ही मिल जाये, तो इससे अच्छा गिफ्ट औरकोई नहीं होगा। ऐसा करने से आप गणित संबंधी विषयों में मजबूत होंगे।
- अगर आपको अपने जीवनसाथी की तरक्की को लेकर हमेशा दुविधा बनी रहती है, तो तोते को हरी मिर्च खिलाएं। अगर ऐसा करना संभव ना हो, तो तोते की एक बड़ी-सी तस्वीर लाकर अपने घर की उत्तर दिशा में लगाएं और रोज उसके दर्शन करें। ऐसा करने से जीवनसाथी की तरक्की को लेकर आपके मन में बनी हुई दुविधा जल्द ही दूर होगी।
- अगर आप संतान सुख पाना चाहते हैं तो स्नान आदि के बाद एक जटा वाला नारियल और सवा मीटर लाल कपड़ा लें। अब नारियल पर उस लाल कपड़े को लपेट दें। इस प्रकार लाल कपड़े से लिपटे हुए नारियल को हनुमान जी के मन्दिर में चढ़ा दें। उसके बाद मन्दिर में या फिर अपने ही घर में उचित स्थान पर बैठकर हनुमानष्टक का पाठ करें। ऐसा करने से आपको जल्द ही संतान सुख की प्राप्ति होगी।
- अगर बहन या बुआ के साथ आपके रिश्तों में कड़वाहट बनी हुई है, तो आपको अपने भोजन में से एक रोटी निकालकर अलग रखनी चाहिए और उसके तीन हिस्से करने चाहिए। अब उन तीन हिस्सों में से एक हिस्सा गाय को खिला दें, एक हिस्सा कौवे के लिये रख दें और एक हिस्सा कुत्ते को खाने के लिये दें। ऐसा करने से बहन या बुआ के साथ आपके रिश्तों में पड़ी कड़वाहट दूर होगी और आपके रिश्ते पहले से भी अधिक मजबूत होंगे।
- यदि आपका बच्चा अचानक से रात को सोते समय डर जाता है या उसे दूसरे नये लोगों से मिलने-जुलने में परेशानी होती है तो आपको श्री हनुमान की उपासना करनी चाहिए। साथ ही भगवान को केसरिया सिन्दूर अर्पित करना चाहिए और अपने बच्चे के माथे पर भगवान के चरणों से लिया गया सिन्दूर लगाना चाहिए। आज ऐसा करने से आपके बच्चे का डर खत्म होगा और नये लोगों से मिलने में उसे किसी प्रकार की हिचक नहीं होगी।
- अगर आप अपने घर को निगेटिव एनर्जी से बचाये रखना चाहते हैं, तो एक फिटकरी का टुकड़ा लेकर घर के मुख्य दरवाजे के पास रख दें और जब तक वह काला न पड़ जाये, उसे वहीं पर रखा रहने दें। बाद में उस फिटकरी के टुकड़े को फेंक दें। ये उपाय करने से आपका घर हर तरह की निगेटिव एनर्जी से बचा रहेगा।
- अगर आप किसी शुभ कार्य के लिये घर से बाहर जा रहे हैं, तो अपनी बहन या बेटी से आशीर्वाद लेकर जायें, साथ ही उन्हें कुछ गिफ्ट भी जरूर करें। ऐसा करने से आपका कार्य जरूर सफल होगा।
- अगर आपके दाम्पत्य रिश्ते के मध्य ऊष्मा पहले की अपेक्षा कम हो गई है और आप फिर से अपने रिश्ते में एक नई ऊष्मा भरना चाहते हैं तो स्नान आदि के बाद एक मिट्टी का दीपक लेकर, उसमें चमेली का तेल भरिये और एक लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाइए। अब उस दीपक को हनुमान जी के मन्दिर ले जाकर जलाइए। अगर घर से बाहर मन्दिर में नहीं जा सकते तो घर में ही हनुमान जी की तस्वीर के आगे वो दीपक जलाइए। भगवान के आगे दीपक जलाते समय अगर दोनों दम्पत्ति मौजूद हो तो और भी श्रेष्ठ है वरन् स्वयं ही दीपक जला दें। इसके साथ ही दीपक जलाने के बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें। ऐसा करने से आपके दाम्पत्य रिश्ते में एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
- अगर आपको अपने किसी काम को करने में कोई परेशानी आ रही है और वह पूरा नहीं हो पा रहा है तो एक मौली, यानी कलावा लेकर हनुमान जी के मन्दिर जायें और वहां जाकर उस मौली को हनुमान जी के चरणों में रख दें। अब भगवान के चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। उसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा सा धागा निकालकर अपने हाथ की कलाई में बांध लें और बाकी बची हुई मौली को वहीं मन्दिर में ही रखा रहने दें। ऐसा करने से आपके काम में आ रही परेशानी दूर होगी।
- अगर आप अपने परिवार की खुशियां बरकरार रखना चाहते हैं तो स्नान आदि के बाद थोड़े-से चमेली के फूलों को इकट्ठा करें। अब उन चमेली के फूलों की माला बनाएं और हनुमान जी के मन्दिर में जाकर भगवान को वो माला अर्पित करें। साथ ही अपने परिवार की खुशियों की दुआ करते हुए एक धूप बत्ती भी जलाएं। ऐसा करने से आपके परिवार की खुशियां हमेशा बरकरार रहेंगी।
- अपने घर की सुख-समृद्धि के लिये, अपने परिवार को हर बुरी नजर से बचाये रखने के लिये आपको एक छोटा-सा मिट्टी का बर्तन लेना चाहिए। अब उस बर्तन में शहद डालना चाहिए और उसके ऊपर ढक्कन लगाना चाहिए। इस प्रकार मिट्टी के बर्तन में शहद डालकर, उस पर ढक्कन लगाकर हनुमान जी के मन्दिर में रख आयें। ऐसा करने से आपके घर में सुख-समृद्धि रहेगी और आपके परिवार की हर बुरी नजर से सुरक्षा होगी।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: