1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Mangalwar Upay: मंगलवार को बड़े मंगल और आर्द्रा नक्षत्र का बन रहा है शुभ संयोग, जरूर करें ये आसान उपाय, दूर होगी हर परेशानी

Mangalwar Upay: मंगलवार को बड़े मंगल और आर्द्रा नक्षत्र का बन रहा है शुभ संयोग, जरूर करें ये आसान उपाय, दूर होगी हर परेशानी

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Vineeta Mandal
 Published : Jun 15, 2026 06:56 pm IST,  Updated : Jun 15, 2026 06:56 pm IST

Mangalwar Upay: 16 जून को बड़ा मंगल और आर्द्रा का शुभ संयोग बन रहा है। इस योग में इन उपायों को करने से व्यक्ति को हर परेशानी से छुटकारा मिल जाता है। तो यहां जानिए इस दिन कौनसे उपाय करना फलदायी होगा।

बड़े मंगल के उपाय- India TV Hindi
बड़े मंगल के उपाय Image Source : INDIA TV

Mangalwar Ke Upay: ज्येष्ठ महीने में पड़ने वाला मंगलवार बहुत ही महत्व रखता है और आज ज्येष्ठ महीने का सातवां बड़ा मंगलवार है। ज्येष्ठ महीने में पड़ने वाले मंगलवार के दिन हनुमान जी की विशेष रूप से पूजा की जाती है। इस बार अधिक ज्येष्ठ मास पड़ने के कारण ज्येष्ठ महीने में इस बार चार नहीं बल्कि आठ बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं, जिसमें सातवां बड़ा मंगल 16 जून को है और आखिरी बड़ा मंगल 23 जून को है। इसके अलावा इस बार बड़े मंगल को आर्द्रा नक्षत्र भी रहेगा। तो इस शुभ संयोग में इन उपायों को जरूर आजमाएं। इन उपायों को करने से व्यक्ति की समस्त परेशानियां शीघ्र दूर हो जाती हैं।

- अगर आप कुछ-कुछ दिनों के अंतराल में अपने आपको आर्थिक समस्याओं से घिरा पाते हैं और अब इस स्थिति से जल्द से जल्द बाहर निकलना चाहते हैं, तो अपनी डांवाडौल आर्थिक स्थिति को ठीक करने के लिए मंगलवार के दिन आपको हनुमान जी के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र है- 'ऊँ हं हनुमते नमः।'

- अगर आपके दांपत्य रिश्ते के मध्य ऊष्मा पहले की अपेक्षा कम हो गई है और आप फिर से अपने रिश्ते में एक नई ऊष्मा भरना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद एक मिट्टी का दीपक लेकर, उसमें चमेली का तेल भरिये और एक लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाइए। अब उस दीपक को हनुमान जी के मंदिर ले जाकर जलाइए। अगर घर से बाहर मंदिर में नहीं जा सकते तो घर में ही हनुमान जी की तस्वीर के आगे वो दीपक जलाइए। भगवान के आगे दीपक जलाते समय अगर दोनों दंपति मौजूद हो तो और भी श्रेष्ठ है वरन् स्वयं ही दीपक जला दें। इसके साथ ही दीपक जलाने के बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें।

- अपने दांपत्य जीवन को सुखमय बनाने के लिए आर्द्रा नक्षत्र में रात को सोते समय अपने सिरहाने पर 2 मूली रखकर सोएं और सुबह उठकर उन्हें किसी मंदिर में दान कर दें। यह प्रक्रिया आर्द्रा नक्षत्र से शुरू करके लगातार 7 दिनों कर करें।

- यदि आपको किसी कारणवश मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है या आप किसी बात को लेकर कुछ दिनों से चिंतित हैं तो इस परेशानी को दूर करने के लिए आर्द्रा नक्षत्र में चंदन की माला लेकर गले में पहनें। साथ ही आर्द्रा नक्षत्र में चंदन को पीसकर, उसका तिलक मस्तक पर लगाएं।

- अगर आपको अपने किसी काम को करने में कोई परेशानी आ रही है और वह पूरा नहीं हो पा रहा है तो मंगलवार के दिन एक मौली, यानी कलावा लेकर हनुमान जी के मंदिर जायें और वहां जाकर उस मौली को हनुमान जी के चरणों में रख दें। अब भगवान के चरणों से सिंदूर लेकर अपने माथे पर टीका लगाएं। उसके बाद वहां रखी मौली में से एक लंबा सा धागा निकालकर अपने हाथ की कलाई में बांध लें और बाकी बची हुई मौली को वहीं मंदिर में ही रखा रहने दें।

- अगर आप कर्ज के बोझ से परेशान हैं और आपसे कर्ज चुकाए नहीं चुक रहा है तो मंगलवार के दिन आपको स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनने चाहिए। फिर घर में किसी उचित स्थान पर आसन बिछाइए और उस पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठ जाइये। आसन पर बैठने के बाद श्री हनुमान का ध्यान करते हुए ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इसके अलावा अगर आप मंगलवार मंगलवार के दिन अपने कर्ज की एक किश्त या एक रुपया भी लेनदार को चुकायेंगे तो आपका बाकी का कर्जा भी जल्द ही उतर जायेगा।

- अगर आप अपने परिवार की खुशियां बरकरार रखना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद थोड़े-से चमेली के फूलों को इकट्ठा करें। अब उन चमेली के फूलों की माला बनाएं और हनुमान जी के मंदिर में जाकर भगवान को वो माला अर्पित करें। साथ ही अपने परिवार की खुशियों की दुआ करते हुए एक धूप बत्ती भी जलाएं।

- अगर आप अपने लवमेट के साथ अपने रिश्ते को और मजबूत करना चाहते हैं या अपनी जिंदगी में प्यार की बयार को बनाये रखना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन आपको मंगल के मंत्र का जप करना चाहिए और वो मंत्र इस प्रकार है- ॐ क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम:। इस मंत्र का 11 बार जप करें और जाप करने के बाद हनुमान जी को बूंदी के प्रसाद का भोग लगाएं।

- अपने घर की सुख-समृद्धि के लिए, अपने परिवार को हर बुरी नजर से बचाये रखने के लिए मंगलवार के दिन आपको एक छोटा-सा मिट्टी का बर्तन लेना चाहिए। अब उस बर्तन में शहद डालना चाहिए और उसके ऊपर ढक्कन लगाना चाहिए। इस प्रकार मिट्टी के बर्तन में शहद डालकर, उस पर ढक्कन लगाकर हनुमान जी के मंदिर में रख आयें।

- अगर आप अपने कामों की गति को बनाये रखना चाहते हैं या अपने किसी खास काम की सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन एक सफेद कोरा कागज और केसरीया सिंदूर लें। अब उस सिंदूर में थोड़ा-सा चमेली का तेल मिलाकर, उससे सफेद कोरे कागज पर भगवान राम का नाम लिखें। राम, राम, राम इस प्रकार 11 बार ‘राम’ नाम लिखना है। लिखने के बाद उस कागज को अच्छे से सुखा लें और सूखने के बाद उस कागज को मोड़कर अपने पर्स में रख लें।

- यदि आपका बच्चा अचानक से रात को सोते समय डर जाता है या उसे दूसरे नये लोगों से मिलने-जुलने में परेशानी होती है तो मंगलवार के दिन आपको श्री हनुमान की उपासना करनी चाहिए। साथ ही भगवान को केसरिया सिंदूर अर्पित करना चाहिए और अपने बच्चे के माथे पर भगवान के चरणों से लिया गया सिंदूर लगाना चाहिए।

- अगर आप किसी विशेष कार्य से बाहर जा रहे हैं और चाहते हैं कि उस कार्य में आपको शत प्रतिशत सफलता मिले तो एक नीले रंग का धागा लेकर घर से निकलें और शीशम के पेड़ पर अपना काम कहते हुए वह नीले रंग का धागा बांध दें।

- समाज या राजनीति के क्षेत्र में अपना रुतबा कायम करने के लिए आर्द्रा नक्षत्र के दौरान मंदिर में तिल या गेहूं से बनी किसी चीज़ का दान करें। अगर यह संभव नहीं है तो केवल तिल या फिर गेहूं का दान करें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Mangal Nakshatra Gochar 2026: बड़े मंगल के दिन मंगल करेंगे नक्षत्र परिवर्तन, इन 4 राशियों की पलटेगी किस्मत, मिलेगा बंपर धन लाभ

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।