इंसान के चेहरे की शेप अलग-अलग प्रकार की होती है। किसी का चेहरा गोल दिखाई देता है तो किसी का चौकोर तो किसी का अंडाकार दिखता है। क्या आप जानते हैं कि चेहरे की यही बनावट व्यक्ति के मन, स्वभाव और भविष्य से जुड़े कई गहरे राज खोल देती है। चलिए सामुद्रिक शास्त्र से जानते हैं चेहरे का कैसा आकार किस बात का संकेत देता है।
गोल चेहरा (Round Face)
यदि आपका चेहरा गोल है और गाल भरे हुए हैं, तो सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार आप बेहद भाग्यशाली हैं। ऐसे लोग भावुक, स्नेही, दयालु और मिलनसार स्वभाव के होते हैं। दूसरों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। इनका दिल बहुत साफ होता है। ये लोग कला, शिक्षण, मीडिया, हॉस्पिटैलिटी और पब्लिक रिलेशंस जैसे क्षेत्रों में बहुत सफल होते हैं। गोल चेहरे वाले लोग धन के मामले में भाग्यशाली होते हैं।
वर्गाकार या चौकोर चेहरा (Square Face)
यदि आपका माथा, जबड़ा और गालों की चौड़ाई एक समान है तो आपका चेहरा चौकोर है। ऐसे लोग मजबूत इच्छाशक्ति वाले, बेहद व्यावहारिक, दृढ़ संकल्पी और अनुशासित होते हैं। इनके फैसले ज्यादातार सही साबित होते हैं क्योंकि ये दिल की बजाय दिमाग से फैसले लेते हैं। इनमें गजब की नेतृत्व क्षमता होती है। ये लोग प्रायः सेना, राजनीति, प्रशासनिक सेवाओं, व्यापार, इंजीनियरिंग या फिर इम्पोर्ट-एक्सपोर्ट का काम करने वाले होते हैं। ये अपने कार्यों में सफल होते हैं। इन्हें जीवन में सब कुछ अपनी कड़ी मेहनत से ही मिलता है।
अंडाकार चेहरा (Oval Face)
अंडाकार चेहरे की बनावट वाले लोग बौद्धिक, कलात्मक और संतुलित विचारों वाले होते हैं। ये परिस्थितियों के अनुसार खुद को बहुत जल्दी ढाल लेते हैं। ऐसे लोग डिजाइनिंग, फैशन, एक्टिंग, रिसर्च, लेखन और मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपार सफलता प्राप्त करते हैं। इनकी किस्मत में प्रसिद्धि लिखी होती है। कहते हैं अगर ये अपने जीवन में एकाग्रता बनाए रखें तो जीवन में सफलता इनके कदम चूमती है।
चौड़ा चेहरा (Broad Face)
सामुद्रिक शास्त्र के अनुसार जिन लोगों का चेहरा थोड़ा बड़ा और चौड़ा होता है, ऐसे लोगों की सबसे अच्छी बात ये है कि ऐसे लोग कभी किसी चीज के लालच में नहीं पड़ते हैं। छल-कपट से दूर रहते हैं। ये हमेशा खुश रहते हैं और मीठा बोलने वाले होते हैं। ऐसे लोग अच्छे टीचर, मार्गदर्शक, लेखक बनते हैं।
हार्ट शेप चेहरा (Heart Face)
समुद्रिक शास्त्र अनुसार, हार्ट शेप के चेहरे वाले लोग बहुत आकर्षक, भावुक, समझदार और रचनात्मक स्वभाव के होते हैं। ऐसे लोग रिश्तों को पूरी ईमानदारी से निभाते हैं। कला, संगीत या अन्य रचनात्मक कार्यों में इनकी काफी गहरी रुचि होती है। ये हर बात को दिल से सोचते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
नाखूनों के आकार से खुलते हैं आपकी पर्सनैलिटी के बड़े राज, स्वभाव के साथ ही पता चलती हैं आपकी आदतें