सामुद्रिक और हस्तरेखा शास्त्र में केवल लकीरें ही नहीं, बल्कि हाथों की बनावट और आकार से भी व्यक्ति के राज बताए गए हैं। आपकी हथेली की बनावट आपकी सोच, आपके फैसले लेने की क्षमता और व्यवहार को भी बताती है। ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि उंगलियों और हथेली के अनुपात को देखकर क्या कुछ आप अपने और दूसरों के बारे में जान सकते हैं।
लंबी हथेली और छोटी उंगलियां
- जिन लोगों की हथेली, उंगलियों से लंबी होती है उन्हें वास्तविकता में जीने वाला माना जाता है। ऐसे लोग बौद्धिक रूप से काफी विकसित होते हैं। इनकी योजनाएं अक्सर सफल होती हैं और भावनाओं में बहकर ये कोई फैसला नहीं लेते। ऐसे लोगों के दोस्तों का दायर कम हो सकता है लेकिन जिन से भी ये दोस्ती करते हैं उनसे हमेशा जुड़े रहते हैं। ये लोग प्रक्टिकल होते हैं और स्पष्टता से अपनी बातों को दूसरों के सामने रखते हैं। प्रेक्टिकल होने के कारण प्रशासनिक कार्यों, सेल्स, मैनेजमेंट, राजनीति के क्षेत्र में इन्हें अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
- हथेली की लंबाई, उंगलियों से ज्यादा होती है तो ऐसे लोग उत्साह और ऊर्जा से भरे रहते हैं। लक्ष्य निर्धारित करना और उसे हासिल करने तक कड़ी मेहनत करना इनका सकारात्मक पहलू है। हथेली लंबी होने के साथ-साथ अगर चौड़ी यानि आयताकार भी हो तो व्यक्ति का स्वास्थ्य बहुत अच्छा रहता है।
- ऐसे लोगों के नकारात्मक पक्ष की बात करें तो ये लोग अक्सर जल्दबाजी में निर्णय लेकर बुरी स्थिति में फंस सकते हैं। अगर ये धैर्यवान हो जाएं तो जीवन में हर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
लंबी उंगलियां और हथेली छोटी
- जिन लोगों की हथेली का आकार उंगलियों से छोटा होता है उनको बहुत संवेदनशील और विचारशील माना जाता है। ऐसे लोगों का रुझान अक्सर रचनात्मक कार्यों में होता है। कला, साहित्य के क्षेत्र में ऐसे लोग बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। ऐसे लोग अभिनय, लेखन, गायन, वादन के क्षेत्र में भी उपल्बधि हासिल कर सकते हैं। ऐसे लोग किसी भी निर्णय को लेने से पहले बहुत सोच-विचार करते हैं।
- सामाजिक स्तर पर ऐसे लोग मिलनसार होते हैं और इनके कई मित्र हो सकते हैं। हालांकि, बहुत अधिक मित्र होने के कारण इनका समय और पैसा बर्बाद हो सकता है। ऐसे लोग भावनाओं में बहकर निर्णय लेने वाले भी माने जाते हैं इसलिए कई बार लोग इनका गलत फायदा भी उठा सकते हैं।
- बहुत अधिक सोचना और काल्पनिक दुनिया में जीना ऐसे लोगों का नकारकात्मक पक्ष है। अगर ये एकाग्र हो जाएं तो जीवन में बड़ी सफलता इनको जरूर मिल सकती है।
समान आकार की उंगलियां और हथेली
- जिन लोगों की हथेली का अनुपात एक समान होता है यानि हथेली और उंगलियां समान लंबाई की होती हैं उनको बेहद संतुलित माना जाता है।
- ऐसे लोग व्यवहारिक होते हैं और साथ ही जमीन से हमेशा जुड़े रहते हैं। परिस्थितियों के अनुसार ढल जाना इनकी खूबी होती है और इसीलिए सामाजिक स्तर पर इनको बेहद शुभ परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।
हथेली के साथ ही अगर आप जानना चाहते हैं कि नाखूनों के आकार से व्यक्ति के बारे में क्या पता चलता है, तो इससे जुड़ा लेख आप हमारी वेबसाइट पर पढ़ सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
घर के ईशान कोण में रखी 4 चीजें बना सकती हैं आपको अमीर, भाग्य का भी मिलता है साथ