Saturday Remedies to Attract Wealth: आज 7 फरवरी का दिन बेहद शुभ है। आज चित्रा नक्षत्र रहेगा, जिसमें आप कुछ उपाय कर सकते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुछ विशेष दिनों में किए गए उपाय व्यक्ति के जीवन में चल रही समस्याओं को दूर करने में बेहद सहायक माने जाते हैं। शनिवार के दिन किए जाने वाले ये उपाय न केवल मनोकामनाओं की पूर्ति करते हैं, बल्कि जीवन में सुख, शांति, ऊर्जा, धन और सफलता भी प्रदान करते हैं। मान्यता है कि श्रद्धा और विश्वास के साथ किए गए ये उपाय जल्दी असर दिखाते हैं।
ये विशेष उपायों करके आप अपने जीवन में चल रही समस्त समस्याओं का समाधान निकालने में सफल होंगे-
- अगर आपकी कोई इच्छा है, जो बहुत दिनों से पूरी नहीं हो पा रही है, तो आज के दिन 11 पीपल के पत्ते लेकर हनुमान मन्दिर जाएं और हनुमान जी के चरणों से सिंदूर लेकर उन पत्तों पर एक-एक करके तिलक लगाएं और हर बार पत्तों पर तिलक लगाते समय अपनी इच्छा दोहराएं। इस प्रकार सभी पत्तों पर तिलक लगाने के बाद उन्हें हनुमान जी को चढ़ा दें।
- अगर आप जीवन में भूमि-भवन का लाभ पाना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको हनुमान मन्दिर में लाल रंग का चोला चढ़ाना चाहिए और भगवान से हाथ जोड़कर प्रार्थना करनी चाहिए।
- अगर आपको अपने जीवन में हर काम के लिये बहुत अधिक संघर्ष करना पड़ता है या बहुत मेहनत करने के बाद ही आपको कोई सफलता मिल पाती है तो आज के दिन आपको एक मुट्ठी काले तिल लेने चाहिए और बहते जल में प्रवाहित करना चाहिए। साथ ही शनिदेव का ध्यान करते हुए प्रार्थना करनी चाहिए।
- अगर आपको नाभि के आस-पास के क्षेत्र में किसी प्रकार की परेशानी बनी रहती है, तो आज के दिन आपको सवा किलो गुड़ लेकर अपनी नाभि से स्पर्श कराकर मन्दिर में दान करना चाहिए।
- अगर आप अपनी ऊर्जा को बनाये रखना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको एक लाल रंग के कपड़े में थोड़ी-सी मसूर की दाल बांधकर हनुमान मन्दिर में दान करनी चाहिए।
- अगर आप अपनी धन-दौलत में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको बेल के पेड़ के पास जाकर नमस्कार करना चाहिए और उसकी जड़ में जल चढ़ाना चाहिए।
- अगर आप एक डॉक्टर हैं या सर्जन हैं, तो अपने काम की बेहतरी सुनिश्चित करने के लिये आज के दिन आपको सूत का धागा लेकर बेल के पेड़ पर सात बार लपेटना चाहिए और उसके बाद हाथ जोड़कर प्रणाम करना चाहिए।
- अगर आपको अपने कार्यों में भाईयों का सहयोग नहीं मिल पाता है, तो उनका सहयोग पाने के लिये आज के दिन आपको मन्दिर में चीनी का दान करना चाहिए।
- अगर आप अपनी मेहनत से भाग्य को हासिल करना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको चॉकलेटी रंग की शर्ट या कोई अन्य चीज अपने बड़े भाई या बड़े भाई समान किसी व्यक्ति को गिफ्ट करनी चाहिए।
- अगर आपकी जन्मपत्रिका में मंगल ग्रह से संबंधी किसी प्रकार की परेशानी चल रही है, तो आज के दिन आपको नाई या दर्जी को चॉकलेट गिफ्ट करनी चाहिए।
- अगर आप अपने काम को और निखारना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको मन्दिर में शहद की शीशी दान करनी चाहिए। साथ ही मंगल के मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है - 'ॐ क्रां क्रीं क्रौं स: भौमाय नम:'
- अगर आप अपने आस-पास शांति का माहौल बनाये रखना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको हनुमान मन्दिर में जाकर भगवान के सामने चमेली के तेल का दीपक जलाना चाहिए और उनके दायें पैर से सिन्दूर लेकर अपने माथे पर तिलक लगाना चाहिए।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: Dreams Signs: ये 7 संकेत खोलते हैं अमीरी के रास्ते, सपने में दिखें ये 7 चीजें तो समझिए अब आने वाले हैं अच्छे दिन