1. Hindi News
  2. धर्म
  3. सावन में हरी चूड़ियां पहनने की सदियों पुरानी है परंपरा, जानें इसके पीछे की धार्मिक वजह

सावन में हरी चूड़ियां पहनने की सदियों पुरानी है परंपरा, जानें इसके पीछे की धार्मिक वजह

 Written By: Arti Azad
 Published : Aug 15, 2026 04:38 pm IST,  Updated : Aug 15, 2026 04:43 pm IST

सावन आते ही महिलाओं के शृंगार में भी हरे रंग की खास झलक देखने को मिलती है। हरी साड़ी, मेहंदी और हरी चूड़ियां इस महीने की पहचान बन जाती हैं। लेकिन बहुत से लोग नहीं जानते होंगे कि सावन में हरी चूड़ियां पहनने के पीछे क्या मान्यताएं हैं? यहां जानिए

sawan- India TV Hindi
सावन में हरी चूड़ियां पहनना क्यों है शुभ Image Source : PINTEREST

सावन का महीना भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दौरान हरे रंग को प्रकृति, समृद्धि, सौभाग्य और नई ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि महिलाएं सावन और हरियाली तीज पर हरी चूड़ियां पहनकर सुखी वैवाहिक जीवन और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं। तो चलिए जानते हैं सावन में हरी चूड़ियां पहनने की सदियों पुरानी परंपरा के पीछे क्या धार्मिक वजह बताई जाती है। 

सावन और हरे रंग का कनेक्शन

सावन बरसात और हरियाली का महीना है। बारिश के बाद सूखी धरती पर हरियाली छा जाती है और वातावरण में नई ऊर्जा नजर आती है। इसी कारण हरा रंग जीवन, विकास, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। 

वहीं, सनातन परंपरा में चूड़ियों को सुहाग और सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन में हरी चूड़ियां पहनकर महादेव और मां पार्वती की पूजा करने से वैवाहिक जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिलता है।  इसलिए इस महीने महिलाएं हरे कपड़े, चूड़ियां और मेहंदी को अपने शृंगार का खास हिस्सा बनाती हैं।

हरियाली तीज पर खास महत्व

सावन में आने वाला हरियाली तीज का पर्व भी हरे रंग से खास तौर पर जुड़ा है, जानिए आखिर क्यों मनाई जाती है हरियाली तीज। इस दिन महिलाएं हरे वस्त्र पहनती हैं, हाथों में मेहंदी सजाती हैं और हरी चूड़ियां पहनती हैं। इसे माता पार्वती के प्रति श्रद्धा और दांपत्य जीवन में प्रेम व सुख की कामना से जोड़कर देखा जाता है।

शिव-पार्वती की कृपा

भगवान शिव का प्रकृति से गहरा संबंध माना गया है। वहीं, मां पार्वती सौभाग्य और सुहाग का प्रतीक हैं। सावन में हरे रंग का शृंगार कर महिलाएं शिव-पार्वती की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं।

बुध ग्रह से भी संबंध

ज्योतिष में हरे रंग को बुध ग्रह से जोड़ा जाता है। ज्योतिषीय मान्यताएं है कि हरा रंग बुध से संबंधित सकारात्मक प्रभावों को बढ़ाने वाला होता है। इसे बुद्धि, करियर, व्यापार और तरक्की से जोड़ा जाता है। 

परंपरा में बसी हरियाली

सावन की हरी चूड़ियों का संबंध भारतीय संस्कृति, प्रकृति और स्त्री-सौंदर्य से भी है। चूड़ियों की खनक को घर में शुभता और खुशी का प्रतीक माना जाता है। यही वजह है कि पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी सावन की रौनक बढ़ाती है।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: पूजा के दौरान दीपक बुझ जाना शुभ या अपशकुन? जानिए इससे क्या मिलते हैं संकेत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।