शुक्र ग्रह 2 सितंबर को कन्या राशि से निकलकर तुला राशि में गोचर करेंगे। ऐसे में मीन राशि में बैठे शनि के साथ शुक्र षडाष्टक योग बनाएंगे जिसे ज्योतिष में शुभ योग नहीं माना जाता। षडाष्टक योग के चलते मेष और वृश्चिक सहित 3 राशियों को जीवन में उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। सेहत को लेकर भी इन राशियों को सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी। आपको बता दें कि षडाष्टक योग में शनि ग्रह की स्थिति शुक्र के छठे भाव में होगी जबकि शुक्र ग्रर शनि से अष्टम भाव में रहेंगे।
मेष राशि
षडाष्टक योग के चलते कार्यक्षेत्र में आपको संभलकर रहने की आवश्यकता होगी। सहकर्मियों के साथ अनबन हो सकती है। किसी भी काम को लेकर कोताही न बरतें वरना आपकी छवि खराब होगी। सेहत की बात करें तो कुछ लोगों को तनाव और सिरदर्द की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। पारिवारिक जीवन में भी बातचीत के दौरान आपको शब्दों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। उपाय के तौर पर मेष राशि के जातकों को शिव मंत्रों का जप करना चाहिए।
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के जातकों को आर्थिक मामलों को लेकर सतर्कता बरतनी होगी। खासकर कारोबारियों को बड़ी रकम की डील करने से पहले सलाह अवश्य लेनी चाहिए। इस राशि के नौकरी पेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में परिस्थितियां थोड़ी प्रतिकूल नजर आ सकती है। धैर्य बनाए रखें और अपने काम पर ध्यान दें स्थित सुधरेगी। पेट और जोड़ों में दर्द से जुड़ी समस्याएं इस राशि के जातकों को हो सकती हैं, अपना ख्याल रखें। उपाय के तौर पर वृश्चिक वालों को हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।
सिंह राशि
आपके बने बनाए काम षडाष्टक योग के चलते अटक सकते हैं। आपको सही प्लानिंग के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता होगी। इस राशि के जातकों को कार्यक्षेत्र में आज के काम को कल पर नहीं टालना चाहिए नहीं तो दिक्कतें आ सकती हैं। ऑफिस में होने वाली राजनीति से जितना दूर रहेंगे उतना आपके लिए अच्छा होगा। गले और हड्डियों में दर्द की समस्या आपको हो सकती है। उपाय के तौर पर इस राशि के जातकों को शनिवार के दिन काले तिल या काले वस्त्रों का दान करना चाहिए।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
क्या आपकी हथेली पर भी है शनि या बृहस्पति मुद्रिका? हस्तरेखा शास्त्र से जानें इनसे मिलने वाले परिणाम