सूर्य को ज्योतिष में आत्मविश्वास, मान-सम्मान, पिता, स्वास्थ्य और सरकारी क्षेत्र का कारक माना जाता है। इस साल 17 अगस्त को सूर्य अपनी ही राशि सिंह में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार इस दिन कुछ विशेष उपाय करने से कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत करने में मदद मिल सकती है और जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं।
क्या है संक्रांति?
जब सूर्य एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करते हैं, तो उस अवधि को संबंधित राशि की संक्रांति कहा जाता है। 17 अगस्त को सूर्य सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, इसलिए इसे सिंह संक्रांति कहा जाएगा। सूर्य के अपनी ही राशि में पहुंचने को ज्योतिषीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है।
कमजोर सूर्य के संकेत
ज्योतिषी अनुसार कुंडली में सूर्य कमजोर होने पर आत्मविश्वास प्रभावित हो सकता है। व्यक्ति को अपमानित महसूस हो सकता है और सरकारी कामों में अड़चनें आने की मान्यता है। पिता के साथ मतभेद, करियर में अस्थिरता, थकान और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों को भी कमजोर सूर्य से जोड़कर देखा जाता है।
सूर्य को अर्पित करें जल
सिंह संक्रांति पर सुबह स्नान के बाद तांबे के लोटे में साफ पानी लेकर उसमें दूर्वा, लाल फूल, अक्षत और लाल चंदन डालें। सूर्योदय के समय सूर्यदेव को अर्घ्य दें। मान्यता है कि नियमित रूप से सूर्य को जल अर्पित करने से आत्मविश्वास और स्वास्थ्य से जुड़े सकारात्मक परिणाम मिलते हैं।
पूजा के बाद सूर्य चालीसा का पाठ और मंत्र जाप करना चाहिए। इस दिन 'ॐ सूर्यनारायणाय नमः' और 'ॐ घृणि सूर्याय नमः' मंत्रों का जाप करें। इससे सूर्य की कृपा प्राप्त होती है और सरकारी कार्यों में आने वाली बाधाएं कम होने की मान्यता है।
खान-पान का रखें विशेष ध्यान
ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, सिंह संक्रांति पर सात्विक भोजन करना शुभ माना जाता है। इस दिन दूध, दलिया और गेहूं की रोटी जैसे खाद्य पदार्थों का सेवन किया जा सकता है। सूर्य को मजबूत करने के लिए इस दिन नमक का सेवन न करने की सलाह दी जाती है।
सलाह लेकर पहनें माणिक्य
माणिक्य सूर्य का रत्न है, जिसे धारण करने से आत्मविश्वास और स्वास्थ्य में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। लेकिन सभी के लिए माणिक्य अनुकूल हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए इसे पहनने से पहले अपनी कुंडली किसी योग्य ज्योतिषाचार्य को दिखाएं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: 17 अगस्त को बन रहा बुध-शनि का नवपंचम दृष्टि योग, इन 3 राशियों की चमकाएगा किस्मत; करियर-धन में लाभ के प्रबल संकेत