1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टीम इंडिया की जर्सी के लिए नए सिरे से लगेगी बोली, घरेलू कैंलेंडर अभी तय नहीं - BCCI

टीम इंडिया की जर्सी के लिए नए सिरे से लगेगी बोली, घरेलू कैंलेंडर अभी तय नहीं - BCCI

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 18, 2020 10:28 pm IST,  Updated : Jul 18, 2020 10:29 pm IST

बोर्ड के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया ,‘‘ नाइके का चार साल का 370 करोड़ रूपये का करार था जिसकी 30 करोड़ रूपये रॉयल्टी थी।"

BCCI- India TV Hindi
BCCI Image Source : BCCI

नयी दिल्ली| बीसीसीआई राष्ट्रीय टीम की जर्सी के करार के लिये नयी निविदायें जल्दी ही बुलायेगा क्योंकि नाइके ने सितंबर में खत्म हो रहे करार का नवीनीकरण नहीं करने का फैसला किया है। बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की शुक्रवार को हुई ऑनलाइन बैठक में कई मसलों पर बात की गई जिनमें पोशाक प्रायोजन करार शामिल है।

बोर्ड के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया ,‘‘ नाइके का चार साल का 370 करोड़ रूपये का करार था जिसकी 30 करोड़ रूपये रॉयल्टी थी। अब वे एक अक्टूबर से शुरू हो रहे नये चक्र के लिये ताजा प्रस्ताव नहीं भेजेंगे। एपेक्स काउंसिल ने तय किया है कि नयी निविदायें मंगवाई जायेंगी। नाइके भी नयी बोली लगा सकता है।’’

राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी को भी बेंगलुरू में नयी जगह पर स्थानांतरित करने पर बात की गई। अधिकारी ने कहा ,‘‘ हालात सुधरने पर राज्य सरकार के संबद्ध विभाग को नयी निर्माण योजना भेजी जायेगी जिसके बाद काम शुरू होगा।’’ घरेलू कैलेंडर को लेकर हालांकि कोई फैसला नहीं हो सका। अधिकारी ने कहा ,‘‘ दिसंबर जनवरी में कोरोना वायरस महामारी की क्या स्थिति होगी, उसकी जानकारी के बिना कैलेंडर बनाने का क्या मतलब है। इसे हलके में नहीं लिया जा सकता। पुरूष क्रिकेट के कार्यक्रम से दलीप ट्राफी और विजय हजारे ट्राफी हटाई जायेंगी।’’

घरेलू कैलेंडर छोटा होने पर प्रथम श्रेणी क्रिकेटरों को आठ से दस लाख रूपये नुकसान हो सकता है। अधिकारी ने यह भी बताया कि भारतीय टीम के अभ्यास शिविर के लिये फिलहाल सिर्फ अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम पर विचार किया जा रहा है जो देश का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। उन्होंने कहा ,‘‘ मोटेरा स्टेडियम के भीतर ही 60 कमरे हैं जिससे ‘बायो बबल ’ बनाने में आसानी होगी। दुबई के नाम पर तो चर्चा भी नहीं हुई। दूसरा विकल्प धर्मशाला था।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल