1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. टेस्ट सीरीज से पहले गरजे चेतेश्वर पुजारा, बोले- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तरकश से नए तीर निकालेंगे अश्विन

टेस्ट सीरीज से पहले गरजे चेतेश्वर पुजारा, बोले- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तरकश से नए तीर निकालेंगे अश्विन

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 03, 2018 01:25 pm IST,  Updated : Dec 03, 2018 05:18 pm IST

अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया में छह टेस्ट में 54.71 की औसत से सिर्फ 21 विकेट लिये हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह 25.44 की औसत से 336 विकेट ले चुके हैं।

चेतेश्वर पुजारा- India TV Hindi
चेतेश्वर पुजारा Image Source : AP

एडीलेड। भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को यकीन है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की आगामी सीरीज में आर अश्विन बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे क्योंकि इस ऑफ स्पिनर ने कुछ तकनीकी बदलाव के साथ अपनी तरकश में कई नये तीर डाले हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट छह दिसंबर से यहां खेला जायेगा। 

अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया में छह टेस्ट में 54.71 की औसत से सिर्फ 21 विकेट लिये हैं। वहीं टेस्ट क्रिकेट में वह 25.44 की औसत से 336 विकेट ले चुके हैं। पुजारा ने कहा, ‘‘मैं हमेशा कहता आया हूं कि वह चतुर गेंदबाज है। वह बल्लेबाज को बखूबी पढ़ लेता है। उसने तकनीक में काफी बदलाव किये हैं। मैं बता नहीं सकता कि वह क्या है लेकिन उसने जो बदलाव किये हैं, उससे उसे मदद मिल रही है।’

उन्होंने कहा, ‘‘उसने कुछ काउंटी क्रिकेट भी इंग्लैंड में खेला है जहां पिचें अलग है और उन पर स्पिनरों को मदद नहीं मिलती।’’ पुजारा ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया में उसे पता है कि क्या करना है। उसने 2014-15 सीरीज भी खेली थी। अब उसका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है और उसे जो बदलाव करने थे, वह कर चुका है।’’ भारतीय बल्लेबाजी और विराट कोहली पर अत्यधिक निर्भरता के बारे में उन्होंने कहा कि इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में पराजयों के बावजूद बल्लेबाजों पर कोई दबाव नहीं है। 

उन्होंने कहा, ‘‘एक ईकाई के रूप में बल्लेबाजी करनी होगी और अतिरिक्त दबाव लेने की जरूरत नहीं है। हमारे अधिकांश बल्लेबाज अनुभवी है लिहाजा हम अपनी तैयारियों और क्षमता पर भरोसा करते हैं।’’ पुजारा ने कहा कि भारत का मौजूदा तेज आक्रमण सर्वश्रेष्ठ है और मजबूत रिजर्व बेंच का श्रेय आईपीएल को जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक दूसरी जमात के खिलाड़ियों का सवाल है तो एक के चोटिल होने पर उसका विकल्प मौजूद रहता है। तेज गेंदबाजी में भी यही बात है। आईपीएल से हमें कई अच्छे तेज गेंदबाज मिले हैं जिसका फायदा टेस्ट टीम को मिल रहा है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल