श्रीलंकाई क्रिकेटर दनुष्का गुनातिलाका के लिए राहत भरी खबर तब आई जब पुलिस ने उन्हें महिला से रेप मामले में क्लीन चिट दे दी। हालांकि गुनातिलाका की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं क्योंकि श्रीलंका बोर्ड का उन्हें सस्पेंड करने का फैसला बरकरार है। गुनातिलाका पर होटल में महिला से रेप का आरोप लगा था। लेकिन पुलिस ने जांच करने के बाद उन्हें क्लीन चिट दे दी है। मामले की जांच कर रहे कोलूपिटिया पुलिस स्टेशन के ऑफिसर इन चार्ज ने अपने बयान में कहा, 'हम अब इस क्रिकेटर के ऊपर कोई जांच नहीं करेंगे। हालांकि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड नियमों के उल्लंघन के लिए खिलाड़ी पर जांच कर सकता है।'
Related Stories
अधिकारी ने ये भी कहा, 'हमने लड़की से रेप मामले में खिलाड़ी के दोस्त को गिरफ्तार किया है। ये गैर जमानती अपराध है। गुनातिलाका का दोस्त इंग्लैंड में क्लब क्रिकेटर है और वो श्रीलंका में अपने पिता से मिलने आया था।' भले ही पुलिस ने मामले की जांच बंद कर दी हो। लेकिन गुनातिलाका को अभी भी बोर्ड से कोई राहत नहीं मिली है। आपको बता दें कि गुनातिलाका का विवादों से पुराना और गहरा नाता है। ये कोई पहली बार नहीं है जब गुनातिलाका विवादों में आए हैं।
इससे पहले इसी साल जनवरी में टी20 ट्राई सीरीज के दौरान गुनातिलाका को लेवल 1 के नियम का दोषी पाया गया था और इसके लिए उन्हें 1 डीमेरिट पॉइंट का नुकसान उठाना पड़ा था। गुनातिलाका पर ये कार्रवाई तमीम इकबाल को आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम की तरफ जाने का इशारा करने पर हुई थी। इसके अलावा जब भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर थी तो उस दौरान भी इस खिलाड़ी पर 6 वनडे मैचों का बैन ला दिया गया था। हालांकि बाद में उसे घटाकर 3 मैच कर दिया गया था। आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में गुनातिलाका ने शानदार बल्लेबाजी की थी और 57, 61 रनों की पारी खेली थी।