1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. विनोद राय ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले पर हार्दिक पंड्या, के एल राहुल पर 2 मैच की बैन की सिफारिश की

विनोद राय ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी मामले पर हार्दिक पंड्या, के एल राहुल पर 2 मैच की बैन की सिफारिश की

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 10, 2019 03:05 pm IST,  Updated : Jan 10, 2019 03:05 pm IST

डायना इडुल्जी ने बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना, कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी और कोषाध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी से इस मुद्दे पर राय मांगी है।

Hardik Pandya and KL Rahul- India TV Hindi
Hardik Pandya and KL Rahul Image Source : IMAGE SOURCE : HARDIK PAN

प्रशासकों की समिति (सीओए) प्रमुख विनोद राय ने भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पंड्या और लोकेश राहुल पर टीवी शो के दौरान महिलाओं पर विवादास्पद टिप्पणी के लिए गुरूवार को दो वनडे मैचों के प्रतिबंध की सिफारिश की लेकिन साथी सदस्य डायना इडुल्जी ने ये मामला बीसीसीआई की विधि शाखा के पास भेजा है। पंड्या की टिप्पणी को महिला विरोधी और सेक्सिस्ट करार दिया गया और चारों ओर से इनकी आलोचनाएं होने लगीं जिससे सीओए को बुधवार को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करना पड़ा।

इस ऑलराउंडर ने इसके जवाब में कहा कि वो विनम्रतापूर्वक माफी मांगते हैं और वो दोबारा इस तरह का व्यवहार नहीं करेंगे। राय ने कहा, ‘‘मैं हार्दिक के जवाब से इत्तेफाक नहीं रखता और मैंने दोनों खिलाड़ियों के लिए दो मैचों के प्रतिबंध की सिफारिश की है। हालांकि अंतिम फैसला तब लिया जाएगा जब डायना इसकी अनुमति दे देंगी।’’

भारत शनिवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगा। राय ने कहा, ‘‘डायना ने कानूनी राय मांगी है कि इन दोनों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसलिए ये फैसला तभी लिया जाएगा जब वो अपनी अनुमति दे देंगी। जहां तक मेरा संबंध है, इस तरह की टिप्पणियां मूर्खतापूर्ण थीं और अस्वीकार्य हैं।’’ पता चला है कि इडुल्जी ने बीसीसीआई के कार्यकारी अध्यक्ष सीके खन्ना, कार्यकारी सचिव अमिताभ चौधरी और कोषाध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी से इस मुद्दे पर राय मांगी है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल