1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सेमीफाइनल में जगह पक्की होने के बाद औपचारिकता के मैच में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी भारतीय टीम

सेमीफाइनल में जगह पक्की होने के बाद औपचारिकता के मैच में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी भारतीय टीम

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 16, 2018 02:37 pm IST,  Updated : Nov 16, 2018 02:37 pm IST

खिताब के प्रबल दावेदार भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक एक मैच बाकी रहते ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है। 

हरमनप्रीत कौर और वेदा...- India TV Hindi
हरमनप्रीत कौर और वेदा कृष्णमूर्ति Image Source : GETTY IMAGE

प्रोविडेंस (गयाना): शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के अपने सबसे मुश्किल मुकाबले में शनिवार को ऑस्ट्रेलिया से खेलेगी हालांकि दोनों टीमों के लिये मुकाबला औपचारिकता का ही है। खिताब के प्रबल दावेदार भारत और ऑस्ट्रेलिया ने एक एक मैच बाकी रहते ही सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब शनिवार के मैच की कोई अहमियत नहीं रह गई है लेकिन भारत को बखूबी पता है कि अपने से बेहतर टीम को हराने से सेमीफाइनल में उसका मनोबल बढ़ेगा। 

दोनों टीमों ने अभी तक तीनों मैच जीते हैं और अगले राउंड राबिन मैच में एक और जीत से हौसला काफी बढ़ेगा। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जमाकर अपने इरादे जाहिर कर दिये थे। अनुभवी मिताली राज ने दो अर्धशतक जमाकर साबित कर दिया कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने ये पारियां ऐसे समय में खेली जब टीम को इनकी सख्त जरूरत थी।

हरमनप्रीत की आठ छक्कों से सजी शतकीय पारी को बरसों तक याद रखा जायेगा। वहीं मिताली ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्धशतक बनाकर टीम को जीत दिलाई। आयरलैंड के खिलाफ मैच से पहले हुई बारिश ने परेशान किया लेकिन मिताली ने अपना 17वां टी20 अर्धशतक बनाकर पारी के सूत्रधार की भूमिका निभाई। 

इसके बाद स्पिनरों ने आयरलैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाकर भारत को आसान जीत दिलाई। 

भारत आयरलैंड को 52 रन से हराकर अंतिम चार में पहुंचा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया ग्रुप बी में टॉप दो स्थान पर रहे जबकि न्यूजीलैंड और पाकिस्तान बाहर हो गए। 

ऑस्ट्रेलियाई टीम भी शानदार फार्म में है जिसने पहले मैच में पाकिस्तान को 52 रन से हराया। इसके बाद आयरलैंड को नौ विकेट से और न्यूजीलैंड को 33 रन से शिकस्त दी। मेग लानिंग की टीम में यूं तो कई मैच विनर हैं लेकिन विकेटकीपर एलिसा हीली शानदार फॉर्म में है। वह पिछली आठ पारियों में छह अर्धशतक बना चुकी है। 

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, मिताली राज, जेमिमा रौद्रिगेज, वेदा कृष्णामूर्ति, दीप्ति शर्मा, तान्या भाटिया, पूनम यादव, राधा यादव, अनुजा पाटिल, एकता बिष्ट, डायलान हेमलता, मानसी जोशी, पूजा वस्त्रकार, अरूंधति रेड्डी 

ऑस्ट्रेलिया: मेग लानिंग (कप्तान), रशेल हैंस, निकोल बोल्टन, एशले गार्डनर, एलिसा हीली, डेलिसा किमिंस, सोफी मोलिने, बेथ मूpakनी, एलिसे पेरी, मेगान शट, एलिसे विलानी, टायला वी, जार्जिया वारेहम, निकोला कारे। 

मैच का समय : रात 8 . 30 से। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल