इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड ने रविवार को कहा कि तेज गेंदबाज मार्क वुड और हरफनमौला क्रिस वोक्स ने पूरी फिटनेस हासिल कर ली है और उनका भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम में शामिल किया जाना लगभग तय है। लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में क्षेत्ररक्षण के दौरान वुड के दाहिने कंधे में चोट लग गयी थी, जबकि वोक्स एड़ी की चोट से उबर चुके हैं।
वोक्स जुलाई में पाकिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय सीरीज के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। वोक्स ने शुक्रवार को एक घरेलू टी20 मैच खेला और बेन स्टोक्स तथा जोफ्रा आर्चर जैसे प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपस्थिति में टीम उनका स्वागत करने के लिए तैयार है।
सिल्वरवुड ने रविवार को कहा, "दोनों खिलाड़ी फिट है। वुड कल सुबह गेंदबाजी कर रहे थे। वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे। वोक्स ने भी खेल में वापसी की है तो वह भी चयन के लिए उपलब्ध होंगे।"
इंग्लैंड की टीम ने लीड्स में खेले गये तीसरे टेस्ट को जीतकर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। सीरीज का चौथा टेस्ट दो सितंबर से ओवल में खेला जाएगा।
विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर अपने दूसरे बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ मौजूद रहने के लिए सीरीज के बाकी के दोनों टेस्ट से बाहर सकते हैं और ऐसे में जॉनी बेयरस्टो विकेट के पीछे मोर्चा संभालेंगे।
महिला क्रिकेट: भारत को ऑस्ट्रेलिया में क्वॉरंटाइन के दौरान प्रैक्टिस की अनुमति नहीं?
कोच ने बेयरस्टो का समर्थन करते हुए कहा, "हां, मुझे पूरा विश्वास है कि अगर जॉनी (बेयरस्टो) से पूछा जाए तो वह काम कर सकता है, वह इसके लिए तैयार है। हम पहले ही इस बारे में बातचीत कर चुके हैं। वह ऐसा करके खुश है।"