कानपुर: IPL 2017 में भले ही गुजरात लायंस प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई हो लेकिन इसके कप्तान सुरेश रैना की फ़ैंस फ़ालोइंग में कोई कमी नही आई है। ये बात तब पता चली जब बुधवार को यहां दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ मैच के दौरान एक प्रशंसक अचानक मैदान में धुस गया और रैना के पास पहुंचकर घुटने के बल बैठकर उनसे उनके ऑटोग्राफ़ मांगने लगा।
यूं तो ये सुरक्षा में ख़ामी को उजागर करता है और पुलिस ने इसकी जांच के आदेश देकर प्रशंसक को हिरासत में ले लिया है लेकिन इससे ये बी साफ होता है कि रैना क्रिकेट प्रेमियों में कितने लोकप्रिय हैं।
गौरतलब है कल यहां रात गुजरात और दिल्ली के बीच मैच चल रहा था, जब दूसरी पारी में जब दिल्ली की टीम बल्लेबाजी कर रही थी तभी मैदान में दर्शक दीर्घा से एक युवक अचानक मैदान में जा पहुंचा और रैना के सामने घुटनों के बल बैठकर उनका आटोग्राफ मांगने लगा। वह गुजरात लायंस की टीशर्ट पहने था, जिस पर रैना लिखा था।
पुलिस ने उस व्यक्ति को मैदान से बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया ।
कानपुर पुलिस के एसएसपी आकाश कुल्हरी ने बताया कि मैदान में किसी प्रशंसक का घुस जाना सुरक्षा व्यवस्था में बहुत बड़ी चूक है और यह मामला गंभीर है।
इस मामले की जांच सर्किल आफिसर कोतवाली कानपुर को दी गयी है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशंसक के खिलाफ शांति भंग का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।