1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान के साथ सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी आयरलैंड की टीम

अफगानिस्तान के साथ सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी आयरलैंड की टीम

 Reported By: IANS
 Published : Dec 01, 2018 09:44 am IST,  Updated : Dec 01, 2018 09:44 am IST

उत्तराखंड के देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का दूसरा घरेलू मैदान है। 

अफगानिस्तान क्रिकेट...- India TV Hindi
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम

दुबई: आयरलैंड की क्रिकेट टीम अगले साल फरवरी-मार्च में अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने के लिए भारत का दौरा करेगी। उत्तराखंड के देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का दूसरा घरेलू मैदान है। टीम आयरलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज के सभी मैच देहरादून में ही खेलेगी। आईसीसी वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, आयरलैंड को अगले साल फरवरी-मार्च के दौरान देहरादून में अफगानिस्तान के साथ तीन टी-20, पांच वनडे और एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। 

घर के बाहर आयरलैंड का यह पहला टेस्ट मैच होगा। दोनों टीमों के लिए यह उनका दूसरा टेस्ट मैच होगा। आयरलैंड ने अपना पहला टेस्ट मैच इस साल पाकिस्तान के खिलाफ अपने घर में खेला था जहां उसे पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, अफगानिस्तान ने पहला टेस्ट मैच इस वर्ष बेंगलुरू में मेजबान भारत के खिलाफ खेला था, जहां अफगानिस्तान को पारी और 262 रन से करारी मात खानी पड़ी थी।

आयरलैंड की टीम को भारत दौरे पर अफगानिस्तान के साथ 23 फरवरी से लेकर 26 फरवरी तक तीन मैचों की टी-20 सीरीज, दो मार्च से लेकर 12 मार्च तक पांच मैचों की वनडे सीरीज और 17 से लेकर 21 मार्च तक एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। ये सभी मैच देहरादून स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

आयरलैंड को अगले साल भारत का दौरा करने के बाद बांग्लादेश की मेजबानी करनी है और फिर उसे जुलाई में इंग्लैंड में एक टेस्ट मैच खेलना है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल