1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. क्या वाकई क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है? माइकल होल्डिंग ने जताई चिंता

क्या वाकई क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है? माइकल होल्डिंग ने जताई चिंता

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Apr 30, 2020 03:53 pm IST,  Updated : Apr 30, 2020 03:55 pm IST

माइकल होल्डिंग का मानना है कि पैसा कमाने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा क्रिकेट हो रहा था। ऐसे में अब इस बात पर विचार करना चाहिए कि क्या वाकई में क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है या नहीं।

Michael Holding- India TV Hindi
Michael Holding Image Source : GETTY

नई दिल्ली| कोरोना महामारी के कारण क्रिकेट पर ब्रेक लगा हुआ है। इस दौरान वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग का मानना है कि पैसा कमाने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा क्रिकेट हो रहा था। ऐसे में अब इस बात पर विचार करना चाहिए कि क्या वाकई में क्रिकेट सही दिशा में जा रहा है या नहीं।

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने 66 साल के होल्डिंग का निजी तौर पर मानना है कि खेल के अत्यधिक बिजनेस में घुलने के कारण कुछ समय का ब्रेक जरूरी था। होल्डिंग ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा, ‘‘इस ब्रेक का इस्तेमाल खेल पर गौर करने के लिए करें, यह देखने के लिए कि प्रशासकों, खिलाड़ियों के साथ क्या हो रहा है और सोचिए: क्या हम सही दिशा में आगे जा रहे हैं? हमारे खेल के साथ क्या सब कुछ सही है? निजी तौर पर मुझे ऐसा लगता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर व्यक्ति हर संभावित डॉलर कमाने की कोशिश में जुटा है। लेकिन क्या हम थोड़ी देर रुक सकते हैं और बैठकर देख सकते हैं कि क्या सब कुछ ठीक है? काफी क्रिकेट खेला जा रहा है।’’

कोविड-19 महामारी के कारण दुनिया भर में खेल प्रतियोगिताएं ठप्प पड़ी हैं और अधिकतर प्रतियोगिताओं को स्थगित या रद्द कर दिया गया है। बेहद लोकप्रिय इंडियन प्रीमियर लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है और इस साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप पर भी संशय के बादल छाए हैं।

ये भी पढ़ें : 10 साल बाद कामरान अकमल ने बताया, एशिया कप में गौतम गंभीर के साथ क्यों हुई थी उनकी बहस

इस घातक बीमारी के कारण दुनिया भर में लगभग दो लाख 18 हजार लोगों की मौत हो चुकी है जबकि भारत में एक हजार से अधिक लोगों की जान गई है। होल्डिंग ने कहा कि कभी ना कभी प्रशासकों को क्रिकेट दोबारा शुरू करने का फैसला करना होगा और अगर जरूरी हुआ तो खाली स्टेडियम में।

उन्होंने कहा, ‘‘काफी प्रशासकों को पता चल गया है कि ब्रॉडकास्टिंग वालों की संतुष्टि के लिए उन्हें खेल का कोई ना कोई प्रारूप शुरू करना होगा। लेकिन ब्रॉडकास्टिंग को अगर वह चीज नहीं मिलेगी जिसके लिए वह भुगतान कर रहे हैं तो वे अपना पैसा वापस मांगेंगे।’’

होल्डिंग ने कहा, ‘‘इसलिए उन्हें खाली स्टेडियम में क्रिकेट खेलने का प्रयास करना होगा या जिस भी प्रारूप में खेलने का मौका मिले उसे खेलना होगा।’’ 

ये भी पढ़ें : अजिंक्य रहाणे ने किया खुलासा, इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की नकल करना उन्हें बेहद रास आता है

( With Agency Input From Bhasa )

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल