1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय क्रिकेट की नई खोज हैं जाधव: कोहली

भारतीय क्रिकेट की नई खोज हैं जाधव: कोहली

 Written By: IANS
 Published : Jan 23, 2017 08:30 am IST,  Updated : Jan 23, 2017 08:30 am IST

कोलकाता: इंग्लैंड को तीन मैचों की अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय श्रृंखला में 2-1 से हराने के बाद रविवार को भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि चैम्पियंस ट्रॉफी के लिहाज से भारत के लिए यह

Kedar Jadhav- India TV Hindi
Kedar Jadhav

कोलकाता: इंग्लैंड को तीन मैचों की अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय श्रृंखला में 2-1 से हराने के बाद रविवार को भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने कहा कि चैम्पियंस ट्रॉफी के लिहाज से भारत के लिए यह श्रृंखला बहुत शानदार रही और केदार जाधव हमारे लिए नई खोज हैं। ईडन गार्डन में तीसरा एकदिवसीय मैच तो भारत पांच रन से हार गया, लेकिन जाधव की 90 रनों की शानदार पारी ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया। हार्दिक पांड्या ने भी 56 रनों की तेज-तर्रार पारी खेल भारतीय टीम को जीत के काफी करीब तक पहुंचाया।

इंग्लैंड से मिले 321 रनों के जवाब में भारतीय टीम नौ विकेट खोकर 316 रन ही बना सकी।

मैच के बाद कोहली ने कहा, "हम 173 रन पर पांच विकेट खो चुके थे, जब दो युवा बल्लेबाजों ने बागडोर संभाली और जीत के लगभग करीब तक पहुंचा दिया था। चैम्पियंस ट्रॉफी से पहले यह एक अच्छी श्रृंखला साबित हुई।"

कोहली (55) सहित शीर्ष पांच बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने के बाद जाधव और पांड्या ने 7.51 की औसत से 104 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के लगभग मुहाने तक पहुंचा दिया था। आखिरी ओवर में भारत को 16 रन चाहिए थे, लेकिन जाधव एक छक्क और एक चौका लगाने के बाद ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए।

कोहली ने कहा, "जाधव हमारे लिए शानदार खोज हैं। पिछले एक वर्ष के दौरान उन्हें ज्यादा मैच तो खेलने को नहीं मिले हैं, लेकिन उन्होंने अपनी लय हासिल कर ली है। इससे धोनी और युवराज सिंह को क्रम में ऊपर आकर स्वाभाविक खेल खेलने की आजादी मिली है।"

भारतीय कप्तान ने कहा, "जाधव मैच के रुझान को अच्छी तरह समझते हैं। पांड्या भी शानदार हरफनमौला खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया और धारदार गेंदबाजी आक्रमण के सामने जीत के इतना करीब पहुंचना आत्मविश्वास बढ़ाता है।"

कोहली ने हालांकि गेंदबाजी को लेकर चिंता भी जाहिर की। उन्होंने कहा, "हमें अपनी गेंदों की लंबाई पर काम करना होगा। इस पर हमें सुधार लाना होगा और देखना होगा कि हम कहां गेंद डालें कि विकेट चटका सकें।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल