नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेट कप्तान इमरान खान ने विराट की खुलकर तारीफ़ करते हुए कहा है कि मुश्किल हालात में वह सचिन तेंदुलकर से बेहतर बैट्समैन हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और अब राजनीतिज्ञ इमरान ने कहा कि विराट पैदायशी तौर पर ही शानदार और कम्पलीट बैट्समैन हैं।
एक इंटरव्यू में इमरान ने कहा कि क्रिकेट के दौर होते हैं। 80 के दशक विवियन रिचर्ड्स का था और उसके बाद ब्रायन लारा और सचिन तेंडुलकर का वक्त आया। लेकिन विराट सबसे ज्यादा कम्पलीट बैट्समैन हैं। वे दोनों पैरों का इस्तेमाल करके मैदान के किसी भी हिस्से में स्ट्रोक लगा सकते सकते हैं। उन्होंने कहा कि विराट सिर्फ प्रतिभाशाली ही नहीं बल्कि दिमाग़ी तौर पर भी शानदार खिलाड़ी हैं और इस मामले में वो सचिन से कहीं आगे हैं। विराट ने बेहद मुश्किल हालात में भी शानदार खेल दिखाया है जो सचिन नहीं कर पाते थे।
पाकिस्तान को हारता देख होता है दुख
इमरान ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के हाथों पाकिस्तान की हार पर कहा कि पाकिस्तान को हारते देखना दुखद था। लेकिन कोहली ने शानदार बैटिंग की थी और ये बात वह एक बॉलर के रुप में कह रहे हैं। सिर्फ ये देखना चाहिए कि जब हालात खराब होते हैं तो वो कैसा खेलते हैं। इसमें कोई दो राय नहीं कि आज की तारीख में वो सबसे बेहतरीन बैट्समैन हैं। आप उनकी बैटिंग देखने कहीं भी जा सकते हैं।
आतंक के शिकार को सज़ा देना सही नहीं है।
इमरान टी20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत में ही थे और इस दौरान उनकी नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात भी हुई थी। इस बारे में इमरान ने कहा कि दोनों देशों के बीच क्रिकेट शुरू होना चाहिए। हर किसी ने मुंबई और पठानकोट हमलों की निंदा की है। हम भारत से ज्यादा आतंकी हमले झेलते हैं। ऐसे में आतंक के शिकार को सज़ा देना सही नहीं है। ये इमेच्योर फॉरेन पॉलिसी है।
ग़ौरतलब है कि आतंकवाद की वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच 2008 से क्रिकेट सीरीज नहीं हुई है।
ये भी पढ़ें: क्या विराट कोहली महानता की तरफ़ बढ़ रहे हैं...?