1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे में सबसे ज्यादा बार नॉट आउट रहने का रिकॉर्ड धोनी ने अपने नाम किया

वनडे में सबसे ज्यादा बार नॉट आउट रहने का रिकॉर्ड धोनी ने अपने नाम किया

 Written By: Shradha Bagdwal
 Published : Aug 31, 2017 08:15 pm IST,  Updated : Aug 31, 2017 08:19 pm IST

श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर के 300वें वनडे मैच में धोनी सबसे ज्यादा 73 बार नॉट आउट रहने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

MS Dhoni- India TV Hindi
MS Dhoni

नई दिल्ली : श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर के 300वें वनडे मैच में महेन्द्र सिंह धोनी ने खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। जी हां धोनी 300 वनडे मैचों में सबसे ज्यादा 73 बार नॉट आउट रहने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले दो मैचों से नाबाद रहने का जो सिलसिला चला आ रहा था वो तीसरे वनडे में भी बरकरार रहा। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नॉट आउट रहने के मामले में धोनी ने पूर्व श्रीलंकाई तेज गेंदबाज चामिंडा वास और दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान शॉन पॉलाक को पीछे छोड़ दिया है। चामिंडा वास 322 वनडे और शॉन पॉलाक 303 वनडे में 72 बार नॉट आउट रहे हैं। जबकि धोनी 300 वनडे मैचों में 73 बार नॉट आउट रहे हैं। 

अबतक सिरीज के 4 मैचों की 3 पारियों में धोनी नाबाद रहकर 161 रन बना चुके हैं। धोनी ने दूसरे वनडे में 45 रन, तीसरे वनडे में नाबाद 67 रन और चौथे वनडे में नाबाद 49 रन की अहम पारियां खेली हैं। धोनी की इन पारियों की खास बात ये है कि दूसरे और तीसरे वनडे मैच में उन्होंने फिनिशर का रोल निभाते हुए टीम को जीत दिलाई। सिरीज के दूसरे वनडे मैच में जब टीम इंडिया 131 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी, तब धोनी ने भुवनेश्‍वर कुमार के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की और टीम इंडिया की जीत पर मुहर लगाई। ठीक इसी तरह तीसरे वनडे मैच में भी धोनी ने रोहित के साथ मिलकर नाबाद 157 रन की साझेदारी कर टीम इंडिया को छह विकेट की जीत दिलाई।

जाहिर तौर पर सिरीज में अबतक अपनी शानदार बल्‍लेबाजी से धोनी ने उन सभी सवालों के जवाब दे दिए हैं, जो उनकी फॉर्म और उम्र को लेकर उठाए जा रहे थे। श्रीलंका के खिलाफ सिरीज शुरु होने से पहले कहा जा रहा था कि धोनी युग के अंत की शुरुआत हो चुकी है और टीम मैनेजमेंट को 2019 वर्ल्ड कप के लिए धोनी का विकल्प तलाशना शुरु कर देना चाहिए। लेकिन धोनी की इन पारियों को देखकर लगता है कि अभी उनमें काफी क्रिकेट बाकी है और उनकी जगह लेने के लिए फिलहाल युवा खिलाड़ियों थोड़ा और इंतजार करना होगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल