1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. इस वजह से स्थगित हुई एमसीए की शीर्ष परिषद की बैठक

इस वजह से स्थगित हुई एमसीए की शीर्ष परिषद की बैठक

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 31, 2020 02:32 pm IST,  Updated : May 31, 2020 02:32 pm IST

ये बैठक इसलिए स्थगित की गई है क्योंकि व्यक्तिगत रूप से अधिकारियों के शिरकत करने की संभावनाओं में सुधार हुआ है। 

MCA top council meeting was postponed- India TV Hindi
MCA top council meeting was postponed Image Source : IPLT20.COM

मुंबई। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) की सोमवार को होने वाली शीर्ष परिषद की ऑनलाइन बैठक को स्थगित कर दिया गया है क्योंकि व्यक्तिगत रूप से अधिकारियों के शिरकत करने की संभावनाओं में सुधार हुआ है। केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि आठ जून से कई लॉकडाउन पांबंदियों को हटा लिया जायेगा।

शीर्ष परिषद को तदर्थ क्रिकेट सुधार समिति गठित करने के लिये बैठक करनी थी। परिषद समिति के एक सदस्य ने पीटीआई-भाषा से कहा कि यह बैठक आठ जून के बाद करायी जा सकती है जब लॉकडाउन को खत्म करने के दिशानिर्देश प्रभावी हो जायेंगे। इस बैठक में आम सालाना बैठक की तारीख पर फैसला भी होना था और 2020-21 क्रिकेट सत्र के बारे में चर्चा होनी थी।

कहा जा रहा था कि इसमें चर्चा का मुख्य विषय तदर्थ सीआईसी के गठन होगा। एमसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सीआईसी में कम से कम तीन सदस्य होने चाहिए। 

ये भी पढ़ें - Covid- 19: इंग्लिश प्रीमियर लीग के हालिया जांच में नहीं आई कोई पॉजिटिव रिपोर्ट

कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के कारण सभी खेल बंद हैं। शीर्ष परिषद एक अन्य सदस्य ने कहा, ‘‘इस समय हम आगामी क्रिकेट सत्र के बारे में अभी कुछ नहीं जानते। हमें इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार के आदेश का इंतजार करना होगा।’’

इससे पहले एमसीए ने लॉकडाउन की वजह से 14 मार्च  से 17 मई के बीच खेले जाने वाले अपने सभी क्रिकेट मैचों को स्थगित कर दिया था। एमसीए की जानकारी के मुताबिक,  ‘‘मुंबई क्रिकेट संघ ने कोविड-19 महामारी के कारण 14 मार्च और 17 मई 2020 के बीच खेले जाने वाले अपने सभी क्रिकेट मैचों को स्थगित करने का निर्णय लिया है।’’

साथ ही एमसीए ने वानखेड़े स्टेडियम स्थित अपने कार्यालय को 17 मई तक बंद करने का फैसला किया है। इसके अलावा आम और सहयोगी सदस्यों के लिए वार्षिक सदस्यता के भुगतान की आखिरी तारीख को अगली सूचना तक के लिए बढ़ा दिया है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस के कारण दुनियाभर में क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हुई हैं। ऐसे में क्रिकेटर जल्द से जल्द क्रिकेट के वापसी की उम्मीद लगा रहे हैं। इससे पहले कोरोना महामारी के चलते आईपीएल के 13वें सीजन को बीसीसीआई ने अनिश्चितकाल के लिए स्थगति करने का फैसला किया था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल