1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिसबाह की कप्तानी पर संशय बरकरार, यूनिस ने पेश की दावेदारी

मिसबाह की कप्तानी पर संशय बरकरार, यूनिस ने पेश की दावेदारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 25, 2017 02:19 pm IST,  Updated : Feb 25, 2017 02:19 pm IST

पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान मिसबाह उल हक ने अभी भी अपनी कप्तानी के भविष्य को लेकर कोई फैसला नहीं किया है।

Misbah Ul Haq | Getty Images- India TV Hindi
Misbah Ul Haq | Getty Images

कराची: पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान मिसबाह उल हक ने अभी भी अपनी कप्तानी के भविष्य को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड जहां मिसबाह के जवाब का इंतजार कर रहा है वहीं टीम के सीनियर खिलाड़ी यूनिस खान ने कप्तानी के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। यूनिस खान अब 39 साल के हो चुके हैं लेकिन फिलहाल उनका खेल को अलविदा कहने का कोई इरादा नहीं है।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान ने इस मामले पर बात करते हुए कहा, ‘पिछली बार जब मैं मिसबाह से इस महीने की शुरूआत में दुबई में मिला था तो उन्होंने भविष्य की योजनाओं पर सोचने के लिए समय मांगा था। अब वह जब भी हमारे साथ संपर्क करेंगे और अगर वह खेलना जारी रखना चाहेंगे तो मैं यह मामला बोर्ड में अपने साथियों के सामने रखूंगा।’ मिसबाह भी कप्तानी छोड़ने की स्थिति में खिलाड़ी के रूप में खेलने को लेकर अनिश्चित हैं। मिसबाह ने हाल में दुबई में कहा था, ‘मैंने फैसला किया है कि मैं टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का दौरा करूंगा लेकिन यह कप्तान के रूप में होगा या खिलाड़ी के रूप में यह फैसला चयनकर्ताओं और बोर्ड को करना है। मुझे लगता है कि मैं वेस्टइंडीज दौरे तक जारी रख सकता हूं लेकिन इसके बाद अब तक मैंने कुछ तय नहीं किया है।’ 

दूसरी तरफ 39 बरस की उम्र में टीम के दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी यूनिस भी कप्तान बनने के इच्छुक हैं और उनका 10,000 टेस्ट रन पूरे करने के बाद भी संन्यास का कोई इरादा नहीं है। यूनिस 10,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले पहले पाकिस्तानी खिलाड़ी बनने से सिर्फ 23 रन दूर हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं संन्यास नहीं लेना चाहता क्योंकि मैं अपने क्रिकेट का पूरा आनंद ले रहा हूं और अब भी मेरे अंदर रन बनाने की भूख है। 10,000 रन बनाने के बाद भी मैं खेलना जारी रखना चाहता हूं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। मुझे नहीं लगता कि जब तक खिलाड़ी फिट और फॉर्म में है तब तक संन्यास लेना चाहिए।’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल