एक साल में दूसरी बार पाकिस्तान के ऑलराउंडर मुहम्मद हफ़ीज़ के बॉलिंग एक्शन को संदेहास्पद पाया गया और अब उनकी गेंदबाज़ी पर 12 माह का प्रतिबंध लग सकता है।
आईसीसी ने एक बयान में कहा कि श्रीलंका के ख़िलाफ़ रविवार को समाप्त हुए चेस्ट मैच के दौरान हफ़ीज़ के एक्शन को लेकर शिकायत की गई है।
ऑफ़ स्पिनर हफीज़ को 14 दिन के अंदर टेस्ट से गुज़रना होगा और अगर उनका एक्शन ग़लत पाया गया तो वो एक साल तक अपने देश के लिए बॉलिंग नहीं कर पाएंगे।
टेस्ट मैच के अधिकारियों की रिपोर्ट पाकिस्तान को सौंपी जा चुकी है।
नवंबर 2014 में भी अबु धाबी में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच के दौरान हफ़ीज़ का बॉलिंग एक्शन संदिग्ध पाया गया था। इस वजह से उन्हें पाकिस्तान की विश्व कप टीम में नहीं लिया गया था। उन्होंने अपने बॉलिंग एक्शन में सुधार के बाद अप्रैल से ही बॉलिंग करना शुरु की है।
टेस्ट का परिणाम आने तक हफीज़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बॉलिंग जारी रख सकते हैं।