Monday, February 09, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मोहम्मद शमी-हसीन जहां विवाद: एक क्लिक पर जानिए पूरे विवाद की कहानी

मोहम्मद शमी-हसीन जहां विवाद: एक क्लिक पर जानिए पूरे विवाद की कहानी

Written by: Manoj Shukla
Published : Mar 09, 2018 02:58 pm IST, Updated : Mar 10, 2018 07:28 am IST

मोहम्मद शमी के खिलाफ पुलिस ने धारा 498-A, 376, 307, 323, 506, 328 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की।

अपनी पत्नी हसीन जहां...- India TV Hindi
अपनी पत्नी हसीन जहां के साथ मोहम्मद शमी

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक ऐसे विवाद में फंस गए जिसने उनके करियर को हिलाकर रख दिया है। भारतीय टीम की तेज गेंदबाजी की धार बन चुके शमी पर उन्हीं की पत्नी हसीन जहां ने आरोपों की इतनी बाउंसर फेंकीं कि शमी को समझ ही नहीं आया कि वो इन्हें छोड़ें या खेलें। मंगलवार की शाम (6 मार्च) से हसीन जहां ने शमी पर आरोप लगाने का सिलसिला शुरू किया जो आज के दिन यानि (9 मार्च) तक जारी रहा। इस मामले में हसीन जहां ने कई आरोप लगाए तो वहीं शमी ने भी मीडिया के सामने आकर खुद को बेकसूर बताया। आज इंडिया टीवी आपको इस विवाद की पूरी कहानी बताएगा। इंडिया टीवी आपको बताएगा कि कब और कैसे हसीन जहां ने उनपर क्या आरोप लगाए और अब तक इस मामले में क्या-क्या हो चुका है। तो आइए जानते हैं कि क्या है शमी-जहां का पूरा विवाद?

मोहम्मद शमी पर क्यों दर्ज हुई एफआईआर?

6 मार्च, शमी पर हसीन जहां का पहला आरोप: ये वो तारीख थी जब शमी की पत्नी ने उनपर पहला आरोप लगाया। हसीन जहां ने शमी पर दूसरी औरतों के साथ संबंध होने के आरोप लगाए। अपनी बात के सबूत के लिए उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर शमी की दूसरी औरतों के साथ कई फोटो शेयर कीं। इसके अलावा हसीन ने शमी के दूसरी लड़कियों के साथ चैटिंग के स्क्रीन शॉट्स भी शेयर किए। हालांकि बाद में उन्होंने वो डिलीट कर दिए। हसीन ने शमी पर मारपीट का आरोप भी लगा दिया।

मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी

मोहम्मद शमी

7 मार्च, आरोपों पर शमी की सफाई: हसीन जहां के आरोपों पर शमी ने अगले ही दिन अपने फेसबुक पेज के जरिए सफाई दी। शमी ने आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें अपने और परिवार के खिलाफ साजिश बताया। शमी ने कहा, 'हाय, मैं मोहम्मद शमी हूं। ये जितनी भी न्यूज़ हमारी पर्सनल लाइफ के बारे में चल रही हैं ये सब सरासर झूठ हैं। ये मेरे खिलाफ बहुत बड़ी साजिश है। कोई मुझे बदनाम और मेरे खेल को खराब करना चाहता है।'

8 मार्च, हसीन ने शमी को बताया औरतबाज: जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ रहे थे वैसे-वैसे विवाद और गहराता जा रहा था। 8 तारीख को हसीन ने शमी पर फिर से आरोप लगाया। इस बार हसीन ने मीडिया का सहारा लिया और उन्हें एक नंबर का 'औरतबाज' करार दे दिया। साथ ही हसीन ने ये भी कहा कि शमी ने जो भी अपने फेसबुक के जरिए सफाई दी है वो एकदम गलत है। हसीन ने शमी पर ये आरोप भी लगा दिया कि वो उनकी हत्या कराना चाहते हैं। हसीन ने ये भी कहा कि वो मुझे 5 साल से प्रताड़ित कर रहे हैं और 2 साल से मुझसे तलाक लेने की कोशिश में हैं। साथ ही हसीन ने शमी पर पाकिस्तानी लड़की के साथ अफेयर का आरोप भी लगाया।  

8 मार्च, बीसीसीआई ने रोका शमी का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट: विवाद का असर शमी के क्रिकेट कॉन्ट्रैक्ट पर पड़ा और बीसीसीआई ने उनका सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रोक दिया।

8 मार्च, शमी ने की माफी की बात: 8 तारीख को ही शमी ने दावा किया कि वो अपनी पत्नी को लगातार फोन कर रहे हैं लेकिन वो फोन नहीं उठा रहीं। शमी ने ये भी कहा कि अगर उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित हो जाते हैं तो वो पत्नी और फैंस से माफी मांगने के लिए तैयार हैं। हालांकि शमी ने फिर से आरोपों को बेबुनियाद बताया। 

8 मार्च, हसीन ने शमी पर लगाया मैच फिक्सिंग का आरोप: 8 तारीख को ही ये विवाद तब और गहरा गया जब उनकी पत्नी ने शमी पर मैच फिक्स करने के आरोप लगा दिए। एक वेबसाइट के मुताबिक हसीन ने कहा कि शमी ने दुबई में पाकिस्तानी लड़की से पैसे लिए हैं और वो देश को भी धोखा दे सकते हैं।

8 मार्च, शमी ने कहा कि हसीन का उनके खिलाफ बड़ा गेम प्लान है: 8 मार्च को रात होते-होते शमी मीडिया के सामने आए। इस बार उन्होंने आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए अपनी पत्नी पर ही आरोपों की झड़ी लगा दी। शमी ने कहा कि उनकी पत्नी उनका करियर बर्बाद करना चाहती है और हसीन का मेरे खिलाफ कोई बड़ा गेन प्लान है। साथ ही शमी ने ये भी कहा कि मैंने कभी मैच फिक्सिंग नहीं की। शमी ने कहा कि जिस फोन की बात हसीन कर रही हैं वो उनका नहीं है और फोन की जांच होनी चाहिए।

8 मार्च, हसीन अपने आरोपों पर कायम रहीं: 8 मार्च को जब इंडिया टीवी ने हसीन से एक्सक्लूसिव बातचीत की तो भी हसीन अपने आरोपों पर कायम रहीं। हसीन ने कहा कि मेरा मानसिक संतुलन खराब नहीं है और मैंने जो भी कहा है वो सब सच है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि मेरे पास उनके खिलाफ बहुत सारे सबूत हैं।

9 मार्च, शमी के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर: 9 तारीख को आखिरकार मामला थाने तक पहुंच गया और शमी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज करा दिया गया। शमी के खिलाफ पश्चिम बंगाल के जाधवपुर थाने में पुलिस ने धारा 498-A, 376, 307, 323, 506, 328 और 34 के तहत एफआईआर दर्ज की। 

6 मार्च से शुरू हुआ शमी-जहां विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में हर दिन के साथ नए विवाद और खुलासे हो रहे हैं। हालांकि कौन सच बोल रहा है और कौन झूठ इसका फैसला तो आने वाला समय ही करेगा।

Latest Cricket News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल

Advertisement

लाइव स्कोरकार्ड

Advertisement
Advertisement