1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत-पाकिस्तान की तरह होता है चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला: हरभजन सिंह

भारत-पाकिस्तान की तरह होता है चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला: हरभजन सिंह

 Written By: Manoj Shukla
 Published : Mar 21, 2018 07:55 pm IST,  Updated : Mar 21, 2018 07:55 pm IST

आईपीएल का पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा।

मुंबई इंडियंस और...- India TV Hindi
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स

7 अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के लिए फैंस और खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 साल तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे हरभजन सिंह पहली बार दूसरी टीम से खेलते नजर आएंगे। आईपीएल-11 में हरभजन महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा होंगे। चेन्नई टीम ने हरभजन को 2 करोड़ रुपये में अपना बनाया है। इंडिया टीवी से खास बातचीत में हरभजन ने कई बातों का जिक्र किया। आइए आपको बताते हैं कि हरभजन ने इंडिया टीवी के साथ खास बातचीत में क्या कुछ कहा।

चेन्नई की तरफ से 100 फीसदी दूंगा: हरभजन सिंह ने कहा कि वो इस बार अपना 100 फीसदी देंगे। हरभजन ने कहा, 'मैं कड़ी मेहनत कर रहा हूं और तीनों विभागों में अच्छा करने के लिए प्रैक्टिस कर रहा हूं। इस सीजन में मैं चेन्नई की तरफ से खेलने को लेकर काफी उत्साहित हूं।'

मुंबई के साथ 10 साल बेहतरीन रहे: हरभजन पिछले 10 साल से मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। इसपर उन्होंने कहा, 'मैं मुंबई इंडियंस का आभारी हूं कि मैं उनकी टीम की तरफ से 10 साल तक खेला। मुझे मुंबई के साथ की सारी यादें ताउम्र याद रहेंगी। लेकिन इस बार मैं चेन्नई की तरफ से खेल रहा हूं और इसलिए मेरा ध्यान सिर्फ चेन्नई के लिए अच्छा करने पर है।'

धोनी की कप्तानी में खेलना हमेशा शानदार रहता है: हरभजन इस बार धोनी की कप्तानी में खेलते दिखेंगे और उन्हें इस बात की काफी खुशी भी है। हरभजन ने कहा, 'धोनी की कप्तानी में खेलना हमेशा शानदार रहता है। भारतीय टीम के साथ खेलते हुए हमारे साथ कई अच्छी और सुनहरी यादें जुड़ी हुई हैं।'

भारत-पाकिस्तान की तरह होता है चेन्नई-मुंबई का मुकाबला: हरभजन ने ये भी कहा कि चेन्नई और मुंबई के बीच मुकाबला बिल्कुल भारत और पाकिस्तान की तरह होता है। दोनों टीमों में कई अच्छे खिलाड़ी हैं जो एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हैं।

आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच मुंबई इंडियंस के साथ ही होना है। दोनों का मैच टूर्नामेंट का भी पहला मैच होगा। मुंबई की टीम ने अब तक 3 बार, जबकि चेन्नई ने 2 बार आईपीएल का खिताब जीता है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल